आसलपुर: मुस्लिम समाज के सबसे पवित्र धार्मिक कर्तव्यों में शामिल हज यात्रा को लेकर आसलपुर गांव में उत्साह और आस्था का माहौल है। गांव के एक ही परिवार के 9 सदस्यों ने वर्ष 2027 की हज यात्रा के लिए जयपुर स्थित हज हाउस, करबला में आवेदन जमा किया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
एक ही परिवार के 9 सदस्य जाएंगे हज
जानकारी के अनुसार रफीक मोहम्मद, हमीद मोहम्मद, हनीफ, पूर्व उपसरपंच इसाक मोहम्मद, सलीम मोहम्मद और शौकत के परिवार से कुल 9 लोगों ने हज-2027 के लिए आवेदन किया है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनके अप्रैल 2027 में सऊदी अरब रवाना होने की संभावना है।

हज इस्लाम के पांच स्तंभों में शामिल
हज इस्लाम के पांच मूल स्तंभों (अरकान) में से एक है। आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम हर मुसलमान की यह इच्छा होती है कि उसे जीवन में कम से कम एक बार मक्का मुकर्रमा स्थित काबा शरीफ और मदीना मुनव्वरा की जियारत का अवसर मिले।
आवेदन के बाद गांव में खुशी का माहौल
हज आवेदन की जानकारी मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने हज यात्रियों को मुबारकबाद देना शुरू कर दिया। घरों में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और सभी लोग हज की कबूलियत तथा सुरक्षित यात्रा के लिए दुआ कर रहे हैं।
रवाना होने से पहले होंगे विशेष कार्यक्रम
परिवार के अनुसार हज यात्रा से पहले रिश्तेदारों और समाज के लोगों से मुलाकात का सिलसिला चलेगा। इस दौरान दुआओं की महफिल, विदाई समारोह और मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जहां हज यात्रियों की सलामती और मुकद्दस सफर की सफलता के लिए दुआ की जाएगी।
ग्रामीणों ने जताई खुशी
ग्रामीणों का कहना है कि एक ही परिवार के 9 सदस्यों का हज यात्रा के लिए चयन पूरे गांव के लिए गर्व और खुशी की बात है। सभी लोगों ने अल्लाह तआला से दुआ की है कि सभी हज यात्री सकुशल हज की अदायगी करें और अमन, भाईचारे व इंसानियत का संदेश लेकर अपने वतन लौटें।




