राजस्थान में ‘शहर की सरकार’ चुनने के लिए आज बड़ा मुकाबला है। नगर निकाय चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। प्रदेश के 147 नगरीय निकायों के 4,774 वार्डों में वोट डाले जा रहे हैं, जहां 18,266 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। करीब 87.60 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद करेंगे।
इस चरण में सबकी नजर जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और पाली नगर निगम पर है। अकेले जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में 24 लाख से ज्यादा मतदाता हैं, जिससे राजधानी का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है।
कहीं बीजेपी-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है तो कई वार्डों में निर्दलीय और बागी उम्मीदवार भी चुनावी समीकरण बिगाड़ सकते हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से मतदाताओं की आवाजाही जारी है और संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कहां कितनी वोटिंग हुई? किस दिग्गज ने कहां डाला वोट? किस सीट पर मुकाबला सबसे दिलचस्प है? EVM या मतदान से जुड़ी कोई शिकायत सामने आई या नहीं? राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 की वोटिंग से जुड़ा हर छोटा-बड़ा अपडेट आपको यहां LIVE मिलेगा।
राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 : जोधपुर निगम में सबसे ज्यादा, कोटा निगम में सबसे कम मतदान
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण में जयपुर में 62.88%, अजमेर में 63.65%, जोधपुर में 71.10%, कोटा में 57.02%, पाली में 70.94% और उदयपुर में 67.26% मतदान दर्ज हुआ। अब 14 सितंबर को होने वाली मतगणना में साफ होगा कि किसके सिर सजेगा जीत का ताज और किसे मिलेगी हार!
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 : दूसरे चरण में दर्ज किया गया 70.01 प्रतिशत मतदान
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण में 147 निकायों के 4,774 वार्डों में मतदान हुआ। इस चरण में 70.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि पहले चरण में 76.41 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। मतगणना 14 सितंबर को होगी।
Dausa Nikay Chunav Live : दौसा महिला कॉलेज बूथ पर फिर पहुंचे फर्जी वोटर, युवक-युवती को पुलिस ने पकड़ा
दौसा के महिला कॉलेज बूथ पर फर्जी मतदान की शिकायत के बाद एक युवक और एक युवती को डिटेन किया गया. दोनों को कोतवाली थाने भेजा गया है. बूथ पर फर्जी वोटरों के पहुंचने को लेकर पहले भी हंगामा हो चुका है.
Sri Ganganagar Nikay Chunav Live : सादुलशहर में बूथ पर हंगामा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष से मारपीट की सूचना
श्रीगंगानगर के सादुलशहर वार्ड नंबर 5 के मतदान केंद्र पर हंगामे के दौरान पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप खीचड़ के साथ मारपीट की सूचना है. आरोप है कि बूथ के अंदर कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की. बताया जा रहा है कि एक दर्जन से अधिक लोगों ने गेट तोड़कर बूथ में प्रवेश किया. घटना के बाद मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे.
Rajasamand Nikay Chunav :राजसमंद में 5 बजे तक 79.26% मतदान, भीम में सबसे ज्यादा वोटिंग
राजसमंद जिले में निकाय चुनाव के तहत शाम 5 बजे तक भीम नगर पालिका क्षेत्र में 80.74% मतदान हुआ. देवगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में 79.26% और राजसमंद नगर परिषद क्षेत्र में 77.33% मतदाताओं ने वोट डाला.
Hindaun City Nikay Chunav : 104 साल की सावित्री देवी ने किया मतदान, मतदाताओं को दिया प्रेरणादायक संदेश
हिंडौनसिटी में 104 साल की सावित्री देवी ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपना उत्साह दिखाया. शहर की सरकार चुनने के लिए उन्होंने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. सावित्री देवी ने अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया और लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संदेश दिया.
Bikaner Nikay Chunav: श्रीडूंगरगढ़ में फर्जी मतदान की शिकायत पर हंगामा, पुलिस पहुंची
श्रीडूंगरगढ़ के वार्ड 25 में फर्जी मतदान को लेकर राजकीय आईटीआई कॉलेज में बने मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया. बड़ी संख्या में लोगों ने मतदान को लेकर आपत्ति जताई. विकास मंच के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और फर्जी मतदान की शिकायत की. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला.
Dausa Nikay Chunav: दौसा महिला कॉलेज बूथ पर 6 टेंडर वोट डले, पहले ही वोट पड़ने पर मतदाताओं ने जताई आपत्ति
दौसा के महिला कॉलेज मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान की शिकायत के बाद अब तक 6 टेंडर वोट डाले गए हैं. वार्ड संख्या 5 के इस बूथ पर पहुंचे मतदाताओं के नाम से पहले ही वोट डाले जा चुके थे. इसके बाद मतदान दल ने वास्तविक मतदाताओं से टेंडर वोट डलवाए. बताया जा रहा है कि इसी बूथ पर कई बार संदिग्ध मतदाताओं को बाहर भी भगाया गया. टेंडर वोट डलने के बाद महिला कॉलेज बूथ विवादों में आ गया है.
Dausa Nikay Chunav Violence: दौसा के बेसिक स्कूल बूथ पर बवाल, BJP प्रत्याशी के परिजनों पर जानलेवा हमला
दौसा निकाय चुनाव के दौरान एक बड़ी खबर सामने आई है. शहर के बेसिक स्कूल मतदान केंद्र पर भारी हंगामा और बवाल हो गया है. जानकारी के अनुसार यहां भाजपा प्रत्याशी के परिजनों के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी. इस हिंसक झड़प में भाजपा प्रत्याशी के एक परिजन के सिर में गंभीर चोट आई है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया है और जांच शुरू कर दी है.
Pali Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: पाली नगर निगम और 5 नगर पालिकाओं में मतदान जारी, तखतगढ़ 66.12% के साथ सबसे आगे
पाली जिले में नगर निगम समेत 5 नगर पालिकाओं में दोपहर 3 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा. निर्वाचन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक तखतगढ़ नगर पालिका में सर्वाधिक 66.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. इसके अलावा सुमेरपुर में 62.89 प्रतिशत, फालना में 62.63 प्रतिशत, सादड़ी में 60.97 प्रतिशत और बाली में 59.98 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले. वहीं पाली नगर निगम क्षेत्र में 3 बजे तक 56.09 प्रतिशत मतदान हुआ है. सभी बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और शाम तक आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है.
Ajmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अजमेर में 3 बजे तक 52% मतदान, फर्जी वोटिंग पर एक्शन
अजमेर में नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत मतदान की प्रक्रिया जारी है. दोपहर 3 बजे तक जिले में कुल 52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और पुलिस अधीक्षक लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं. मतदान के दौरान कुछ क्षेत्रों से फर्जी वोटिंग की शिकायतें भी सामने आई हैं. प्रशासन ने इन शिकायतों पर त्वरित एक्शन लेते हुए कुछ संदिग्ध लोगों को डिटेन कर लिया है. संवेदनशील बूथों पर भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.
Sri Ganganagar Nikay Chunav: श्रीगंगानगर निकाय चुनाव में 3 बजे तक गजसिंहपुर 76.77% के साथ सबसे आगे
श्रीगंगानगर जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान जारी है. दोपहर 3 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार गजसिंहपुर में सर्वाधिक 76.77 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. वहीं सादुलशहर में 75.89 प्रतिशत और केसरीसिंहपुर में 72.47 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इसके अलावा श्रीकरणपुर में 71.61 प्रतिशत और पदमपुर में 66.72 प्रतिशत मतदान हुआ. जिला मुख्यालय श्रीगंगानगर में मतदान की रफ्तार 56.18 प्रतिशत रही. सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच सभी बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है.
Tonk Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: टोंक निकाय चुनाव में 3 बजे तक 64.87% मतदान, डिग्गी रहा सबसे आगे
टोंक जिले के 5 निकायों में हो रहे चुनाव में मतदाताओं का भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. दोपहर 3 बजे तक जिले में कुल 64.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. आंकड़ों के अनुसार, डिग्गी निकाय में सर्वाधिक 76.43 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जो पूरे जिले में सबसे आगे है. इसके अलावा लाम्बाहरिसिंह में 74.23 प्रतिशत, टोडारायसिंह में 70.76 प्रतिशत और मालपुरा में 67.57 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. टोंक नगर परिषद क्षेत्र में दोपहर 3 बजे तक 61.27 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और शाम तक मतदान का यह आंकड़ा और भी अधिक बढ़ने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: मतदान के बीच कई जगहों पर हंगामा, दोपहर 3 बजे तक अलवर में 74% से ज्यादा वोटिंग
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 के तहत दोपहर 3 बजे तक अलवर में 74.01%, कोटपूतली-बहरोड़ में 71.4% और टोंक में 64.87% मतदान दर्ज किया गया. अलवर के बड़ौदामेव में सबसे अधिक 84.90% और राजगढ़ में सबसे कम 67.18% वोटिंग हुई. मतदान के दौरान झुंझुनूं के चिड़ावा में फर्जी वोटिंग को लेकर प्रत्याशियों के समर्थकों में हाथापाई हुई, वहीं टोंक में पुलिस ने बूथ के बाहर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया.
Jaipur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: वार्ड 49 में फर्जी मतदान के आरोपों से हंगामा, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
जयपुर नगर निगम चुनाव के दौरान सांगानेर के वार्ड 49 में फर्जी मतदान के आरोपों के चलते माहौल काफी गरमा गया है. कांग्रेस प्रत्याशी धर्मसिंह सिंघानिया ने मतदान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए फर्जी वोटिंग की शिकायत दर्ज कराई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की. इस तीखे विरोध के बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर भारी सियासी हलचल मच गई. तनाव को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रण में लिया है.
Makrana Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: मकराना में अधिकारियों ने किया बूथ निरीक्षण
मकराना में निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. चुनाव तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संभागीय आयुक्त शक्तिसिंह राठौड़, आईजी रविकुमार और जिला कलक्टर अवधेश मीणा मकराना पहुंचे. यहां अधिकारियों ने वसुंधरा नगर तेरापंथ भवन और अंजुमन विद्यालय सहित कई मतदान केंद्रों का गहन निरीक्षण किया. उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाताओं की सुविधा, बुनियादी ढांचे और सुरक्षा को लेकर स्थानीय अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं.
Sri Ganganagar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: श्रीगंगानगर वार्ड 23 में पैसे बांटने के आरोप पर हंगामा, पुलिस ने संभाला
श्रीगंगानगर के वार्ड नंबर 23 में निकाय चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक पूर्व पार्षद मानावालिया पर पैसे बांटने का आरोप लगने से विवाद खड़ा हो गया. वार्डवासियों और पूर्व पार्षद के बीच तीखी बहस हुई. आरोपी पक्ष ने पैसे बांटने के आरोपों को सिरे से खारिज किया है और मामले की कोई अधिकृत पुष्टि नहीं हुई है. सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को शांत कराया. फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है.
Dausa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा में फर्जी वोटिंग के प्रयास पर बवाल, एएसपी ने भीड़ को खदेड़ा
दौसा के महिला कॉलेज मतदान केंद्र पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया जब अंगुली पर इंक लगी होने के बाद भी एक महिला फर्जी वोट डालने पहुंच गई. इस घटना के बाद बूथ के बाहर दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए. सूचना मिलते ही भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रैला और एएसपी शंकर लाल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एएसपी ने सख्त कदम उठाते हुए हंगामा कर रही भीड़ को मौके से दौड़ा-दौड़ा कर भगाया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और मतदान प्रक्रिया पुनः शांतिपूर्ण तरीके से शुरू कराई गई.
Bikaner Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: देशनोक में 1 बजे तक 64.35% मतदान, वार्ड 19 में सबसे ज्यादा वोटिंग
बीकानेर के देशनोक में स्थानीय निकाय चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है. दोपहर 1 बजे तक देशनोक में कुल 64.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है. इसमें सबसे ज्यादा उत्साह वार्ड नंबर 19 में देखने को मिला, जहां अब तक सर्वाधिक 86.90 प्रतिशत वोटिंग हुई है. चुनाव प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग और स्वाति शर्मा ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. रिटर्निंग अधिकारी महिमा कसाना सघन मॉनिटरिंग कर रही हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.
Jhalawar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: झालावाड़ में चार निकायों में शांतिपूर्ण मतदान
झालावाड़ जिले के चार नगरीय निकायों में स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के तहत शांतिपूर्ण मतदान जारी है. जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) और एसपी ने पिड़ावा नगर पालिका क्षेत्र सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. अधिकारियों ने सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. कलेक्टर ने नागरिकों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है.
Tonk Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: टोंक वार्ड 55 में मतदाता सूची से नाम कटने पर आक्रोश, BLO पर उठे सवाल
राजस्थान के टोंक के वार्ड नंबर 55 में मतदाता सूची से 100 से अधिक लोगों के नाम कटने से भारी बवाल हो गया. लोकसभा और विधानसभा चुनावों में मतदान कर चुके नागरिकों को इस बार वोट डालने से रोक दिया गया. SIR वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर स्थानीय मतदाताओं और प्रत्याशियों ने निर्वाचन विभाग एवं बीएलओ के खिलाफ गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. पीड़ित नागरिकों ने जिला प्रशासन से जिम्मेदार अधिकारियों पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.
Alwar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अलवर जिले में दूसरे चरण का कुल 59.52% मतदान, बड़ौदामेव में सबसे अधिक वोटिंग
अलवर जिले में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत कुल 59.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. निर्वाचन विभाग के दोपहर 1 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार जिले की 7 नगरपालिकाओं में 1,14,792 में से 68,320 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया. मतदान के मामले में बड़ौदामेव सबसे आगे रहा जहाँ 75.13% वोटिंग हुई, जबकि थानागाजी में 62.97%, कठूमर में 62.55%, लक्ष्मणगढ़ में 61.93%, गोविंदगढ़ में 58.19%, खैरली में 56.50% और राजगढ़ में सबसे कम 52.08% मतदान दर्ज किया गया.
Duasa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा के महिला कॉलेज बूथ पर फर्जी वोटिंग पर हाईवोल्टेज हंगामा, पुलिस से उलझे भाजपा समर्थक
दौसा जिले के वार्ड संख्या 5 स्थित महिला कॉलेज मतदान केंद्र पर उस समय हाईवोल्टेज हंगामा हो गया जब तीन मतदाताओं के मत पहले ही डाले जाने का मामला सामने आया. फर्जी मतदान की बात सामने आते ही भाजपा प्रत्याशी के समर्थक भड़क गए और हंगामा करते हुए पुलिस से उलझ गए. स्थिति के बेकाबू होने की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और बल प्रयोग कर उग्र भीड़ को तीतर-बितर किया.
Alwar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अलवर के राजगढ़ में शांतिपूर्ण मतदान और ईवीएम खराबी पर त्वरित कार्रवाई
अलवर जिले की राजगढ़ नगरपालिका चुनाव में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा और यहाँ कुल 52.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. मतदान के दौरान वार्ड संख्या 32 में ईवीएम मशीन खराब होने के कारण करीब 15 मिनट तक मतदान बाधित रहा, जिसकी सूचना मिलने पर निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से कार्मिक तुरंत दूसरी नई ईवीएम मशीन लेकर पहुंचे और मशीन बदलकर मतदान प्रक्रिया को दोबारा सुचारू रूप से शुरू करवाया. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार गश्त कर रहे हैं.
Sikar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: सीकर में फर्जी वोटिंग पर हंगामा, मोचीवाड़ा बूथ पर महिलाओं पर लगे आरोप
सीकर जिले के वार्ड नंबर 6 स्थित महात्मा गांधी स्कूल मोचीवाड़ा मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर भारी हंगामा हुआ. लोगों ने कुछ महिलाओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया, जिससे मौके पर तनाव फैल गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रशासन और पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले को शांत कराया और मतदान को सुचारू किया.
Rajsamand Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: राजसमंद में निकाय चुनाव का दूसरा चरण जारी, 105 साल की गट्टू बाई ने डाला वोट
राजसमंद जिले में निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत राजसमंद, भीम और देवगढ़ में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. भीम के वार्ड 20 में 105 वर्षीय गट्टू बाई व्हील चेयर पर बैठकर मतदान केंद्र पहुंचीं और वोट डाला. भीम पालिका के 18 वार्डों में वोटिंग चल रही है, जबकि दो वार्डों में प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं.
Pali Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: फालना में कांग्रेस बूथ एजेंट की आत्महत्या से बवाल
पाली के फालना नगर पालिका चुनाव में वार्ड 21 के कांग्रेस बूथ एजेंट दिनेश पुत्र पन्नालाल ने घर जाकर आत्महत्या कर ली. कांग्रेस जिलाध्यक्ष और परिजनों ने भाजपा पर उन्हें धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है, जिससे आहत होकर यह कदम उठाने की बात कही गई है. विरोध में लोग बूथ के बाहर धरने पर बैठ गए, जिन्हें मौके पर भारी पुलिस बल ने पहुंचकर समझाइश के जरिए शांत कराया और धरना समाप्त करवाया.
Ajmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अजमेर नगर निगम चुनाव में फर्जी वोटिंग का बवाव, वार्ड
अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 के दौरान वार्ड 62, 73 और 79 में फर्जी मतदान के गंभीर आरोप लगे हैं. असली मतदाताओं के बूथ पर पहुंचने पर जब उन्हें वोट डालने से इनकार किया गया (क्योंकि उनके नाम पर कोई और फर्जी वोट डाल चुका था), तो सनसनी फैल गई. विभिन्न वार्डों से आ रही इन शिकायतों के चलते जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क होकर मामलों की जांच में जुट गए हैं.
Sirohi Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: सिरोही में पुलिसकर्मी ने बीमार मतदाता को गोद में उठाकर डलवाया वोट
सिरोही में निकाय चुनाव के दौरान पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है, जहाँ ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान बाबू सिंह ने चलने में असमर्थ एक बीमार मतदाता को अपनी गोद में उठाकर बूथ तक पहुंचाया और उनका मतदान करवाया. जवान के इस सराहनीय और संवेदनशील कार्य की हर तरफ प्रशंसा हो रही है, जिससे जिला प्रशासन के शत-प्रतिशत मतदान के उद्देश्य को भी मजबूती मिली है.
Dholpur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: धौलपुर में शांतिपूर्ण मतदान जारी, कलेक्टर-एसपी रख रहे हैं पल-पल
धौलपुर जिले के बाड़ी, बसेड़ी और सरमथुरा में नगरीय निकाय चुनाव का दूसरा चरण शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है. चुनाव को भयमुक्त और निष्पक्ष बनाने के लिए जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और एसपी विकास सांगवान लगातार पल-पल की रिपोर्ट ले रहे हैं. कलेक्टर ने बताया कि अब तक 40-50% मतदान हो चुका है और लोगों से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की है. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच पोलिंग पार्टियां बेहतरीन तरीके से जिम्मेदारी निभा रही हैं.
Chittorgarh Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दोपहर 1 बजे तक मतदान आंकड़े, आकोला में सबसे आगे
चित्तौड़गढ़ जिले के चार निकायों में निकाय चुनाव का मतदान जोरों पर चल रहा है और दोपहर 1 बजे तक के आंकड़े सामने आ गए हैं. आकोला में सबसे अधिक 68.99 प्रतिशत मतदान हुआ है, जबकि बड़ीसादड़ी में 58.45%, कपासन में 57.57% और निम्बाहेड़ा में 45.75 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में वोटिंग जारी है.
Nagaur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: नागौर के डेगाना में दोपहर 1 बजे तक 61.13 प्रतिशत मतदान
नागौर जिले के डेगाना नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, जहाँ दोपहर 1 बजे तक कुल 61.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. आंकड़ों के मुताबिक वार्ड नंबर 9 में सबसे अधिक 75 प्रतिशत और वार्ड 13 में सबसे कम 51 प्रतिशत वोटिंग हुई है. इस बीच डेगाना से एक प्रेरणादायक और अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वार्ड संख्या 16 निवासी भंवरी देवी, जिनके पैर में फ्रैक्चर है, वे चलने में असमर्थ होने के बावजूद हाथ ठेले पर बैठकर राजकीय प्राथमिक स्कूल रेग्रो की ढाणी स्थित मतदान केंद्र पर अपना वोट डालने पहुँचीं. उनके इस जज्बे की हर तरफ सराहना हो रही है.
Jhunjhunu Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: झुंझुनूं के सिंघाना में फर्जी मतदान के आरोप पर हंगामा, युवक हिरासत में
झुंझुनूं जिले के सिंघाना नगर पालिका चुनाव के दौरान भी माहौल गरमाया रहा. वार्ड नंबर 5 में फर्जी मतदान करने की नीयत से आए एक संदिग्ध युवक को सतर्क लोगों ने रंगे हाथों दबोच लिया. सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले गई. वार्ड 5 और 6 के बूथों पर फर्जी मतदान के लगातार लग रहे आरोपों के कारण वहां भारी हंगामा खड़ा हो गया. स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए सीआई सुगन सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने फर्जी वोटिंग के विरोध में प्रदर्शन कर रोष जताया.
Pali Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: पाली के फालना में बूथ एजेंट की आत्महत्या से सनसनी
पाली जिले के फालना नगर पालिका चुनाव के दौरान एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ वार्ड नंबर 21 के कांग्रेस प्रत्याशी के बूथ एजेंट (अभिकर्ता) ने अपने घर पहुंचकर आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान दिनेश पुत्र पन्नालाल के रूप में हुई है. इस घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है; परिजनों और कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि दिनेश को भाजपा के लोगों द्वारा लगातार धमकाया जा रहा था, जिससे आहत होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया. घटना से गुस्साए लोग और कांग्रेसी कार्यकर्ता तुरंत मतदान केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए और जमकर विरोध प्रदर्शन किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने समझाइश कर किसी तरह धरना समाप्त करवाया.
Tonk Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: टोंक में रिकॉर्ड वोटिंग, दोपहर 1 बजे तक 51.84% मतदान
टोंक जिले में निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह के चलते रिकॉर्ड वोटिंग हो रही है. दोपहर 1 बजे तक जिले की 5 निकायों में कुल 51.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. डिग्गी नगरपालिका में सबसे अधिक 64.35% और लाम्बाहरिसिंह में 62.82% वोटिंग हुई है, जबकि टोडारायसिंह में 57.93%, मालपुरा में 54.12% और टोंक नगरपरिषद में 48.13% मतदान हुआ है.
Sirohi Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दोपहर 1 बजे तक मतदान आंकड़े, आबूराज में सबसे आगे रहे वोटर
सिरोही जिले में निकाय चुनाव 2026 के तहत दोपहर 1 बजे तक के मतदान आंकड़े सामने आ गए हैं. आबूराज (आबूरोड) क्षेत्र में सबसे अधिक 55.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. इसके अलावा पिंडवाड़ा में 45.56% और सिरोही नगर परिषद क्षेत्र में 37.99% वोटिंग हुई है. जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है.
Ajmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अजमेर में अब तक 38.33% मतदान, पुष्कर में सबसे आगे रहे वोटर
अजमेर जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के दौरान मतदाताओं में अच्छा खासा उत्साह देखा जा रहा है. जिले में अब तक कुल 2,22,981 मतदाताओं ने वोट डाले हैं, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 38.33% रहा है. पुष्कर नगर परिषद क्षेत्र में सबसे अधिक 56.05% मतदान हुआ है, जबकि किशनगढ़ में 45.34% और अजमेर नगर निगम क्षेत्र में 35.61% वोटिंग दर्ज की गई है.
Tonk Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: टोंक में रिकॉर्ड वोटिंग, दोपहर 1 बजे तक 51.84% मतदान, डिग्गी में सबसे
टोंक जिले में निकाय चुनाव के दौरान मतदाताओं में भारी उत्साह के चलते रिकॉर्ड वोटिंग हो रही है. दोपहर 1 बजे तक जिले की 5 निकायों में कुल 51.84 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. डिग्गी नगरपालिका में सबसे अधिक 64.35% और लाम्बाहरिसिंह में 62.82% वोटिंग हुई है, जबकि टोडारायसिंह में 57.93%, मालपुरा में 54.12% और टोंक नगरपरिषद में 48.13% मतदान हुआ है.
Bikaner Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: चाचा नेहरू स्कूल बूथ पर फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा, 200 से अधिक लोग घुसे
बीकानेर के नोखा नगरपालिका चुनाव के दौरान चाचा नेहरू स्कूल के पास स्थित मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान की शिकायत को लेकर जबरदस्त हंगामा हुआ. बूथ के अंदर 200 से ज्यादा लोग घुस गए, जिससे मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही सुपरविजन अधिकारी व पांचू सीआई ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने अतिरिक्त पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और अंदर घुसे लोगों को बाहर निकालकर शांति बहाल की.
Pali Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: पाली नगर निगम और 5 पालिकाओं में मतदान जारी, तखतगढ़ में सबसे आगे
पाली जिले में नगर निगम और पांच नगर पालिकाओं के लिए मतदान तेजी से चल रहा है. दोपहर 1 बजे तक पाली नगर निगम में 42.17% मतदान हुआ, जबकि बाली में 49.89%, तखतगढ़ में 57.87%, सुमेरपुर में 52.16%, फालना में 53.65% और सादड़ी में 53.17 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच लोग शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कर रहे हैं.
Dholpur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दोपहर 1 बजे तक 50.07% मतदान, सरमथुरा में सबसे आगे रहे वोटर
धौलपुर जिले के नगरीय निकायों में मतदान का दौर जोरों पर है और दोपहर 1 बजे तक तीनों निकायों में औसतन 50.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. बाड़ी में 55.31%, बसेड़ी में 60.36% और सरमथुरा में सबसे अधिक 63.94 प्रतिशत मतदान हुआ है. सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में वोटिंग जारी है.
Jaipur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: आमेर के 3 वार्डों में 46.23% मतदान, नव मतदाताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
जयपुर ग्रामीण के आमेर क्षेत्र के 3 वार्डों में निकाय चुनाव के दौरान 46.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है. मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है, जिसमें खासकर नव मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान केंद्र पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर अपनी सेल्फी ली. सुरक्षा और प्रशासन के पुख्ता इंतजामों के बीच मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
Pali municipal body election: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने डाला वोट
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पाली जिले के सुमेरपुर के वार्ड नं 35 में मतदान किया। साथ ही आम जनता से भी अपील की कि जागरूकता का परिचय देते हुए सोच-समझकर मतदान करें। वोट डालने के बाद मदन राठौड़ ने कहा कि हमारा केंद्रीय नेतृत्व चाहता है कि वन नेशन-वन इलेक्शन हो, ताकि एक बार चुनाव हो जाने के बाद सभी अगले पांच वर्षों तक लगकर क्षेत्र का विकास करें। अन्यथा कई बार आचार संहिता लग जाती है, यहां के अधिकारी कहीं दूसरे राज्य में चले जाते हैं, जिस कारण यहां का काम रुक जाता है, इसलिए एक बार चुनाव हो जाएं और फिर आगामी पांच साल तक विकास कार्य हों, इसी तर्ज पर हमारे मुख्यमंत्री ने भी ये तय किया कि 'वन स्टेट-वन इलेक्शन' हों।
Jaipur Nagar Nigam Election: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने डाला वोट
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने केशवनगर सामुदायिक भवन, हॉल लेफ्ट स्थित मतदान भवन पहुंचकर वोट डाला। राज्यपाल ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का पावन अवसर है। उन्होंने नगर निकाय आम चुनाव में मतदाताओं को भयमुक्त होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।
Jhunjhunu Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: झुंझुनूं के विभिन्न निकायों में उत्साह, बुहाना रहा सबसे आगे
झुंझुनूं जिले के 10 निकायों में हो रहे मतदान के दौरान दोपहर 1 बजे तक मतदाताओं में भारी उत्साह बरकरार रहा. यहाँ बुहाना क्षेत्र में सबसे अधिक 67.22 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. इसके अलावा मंड्रेला में 62.85%, सिंघाना में 57.14%, मलसीसर में 55.31%, विद्याविहार में 54.80%, बिसाऊ में 54.13%, चिड़ावा में 54.07%, पिलानी में 52.72%, सूरजगढ़ में 51.71% और मंडावा में 51.11 फीसदी मतदान दोपहर 1 बजे तक पूरा हो चुका था. उधर जयपुर ग्रामीण के आमेर क्षेत्र के 3 वार्डों में दोपहर तक 46.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जहाँ मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के साथ-साथ नव मतदाताओं में सेल्फी पॉइंट पर तस्वीरें खिंचवाने का भी जबरदस्त उत्साह देखा गया.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अजमेर और झुंझुनूं के सिंघाना में फर्जी वोटिंग के आरोपों पर हंगामा
मतदान के दौरान कई बूथों पर तनाव और विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला. अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 के वार्ड संख्या 73 में कैलाशपुर स्थित मीरा स्कूल के बूथ पर स्थानीय लोगों ने बीजेपी प्रत्याशी पर फर्जी वोटिंग करवाने का गंभीर आरोप लगाया. विरोध प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सहित भारी जाब्ता मौके पर पहुंचा और स्थानीय प्रशासन ने लोगों को समझा-बुझाकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया. इसी प्रकार झुंझुनूं जिले के सिंघाना नगर पालिका चुनाव के वार्ड 6 में भी फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों ने जमकर विरोध और हंगामा किया, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया. हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को तुरंत संभाल लिया.
Jhunjhunu Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: चिड़ावा के वार्ड 18 में फर्जी मतदान पर तनातनी, महिला हिरासत में
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में निकाय चुनाव के दौरान वार्ड 18 के मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान को लेकर भारी तनातनी फैल गई. पुलिस को इसकी शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फर्जी मतदान करने आई एक महिला को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई. इस वार्ड के बूथ पर पहले भी समर्थकों के बीच गहमागहमी और तनाव की स्थिति बन चुकी थी, जिसके चलते पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
Jalore Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: जालोर के सांचौर में मारपीट का आरोप, निर्दलीय प्रत्याशी ने दर्ज कराई शिकायत
जालोर जिले के सांचौर से बड़ी राजनीतिक गरमागरमी की खबर सामने आई है, जहाँ वार्ड संख्या 14 से निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र अंगारा ने गंभीर आरोप लगाए हैं. निर्दलीय प्रत्याशी ने सांचौर के विधायक जीवाराम के पुत्र मितेश चौधरी और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं पर अपने साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया और पीड़ित प्रत्याशी ने तुरंत सांचौर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसके साथ ही उन्होंने निर्वाचन अधिकारी सांचौर के कार्यालय में भी पहुंचकर पूरे मामले की औपचारिक शिकायत दी है और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है.
Dausa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा के कर विभाग कार्यालय बूथ पर प्रत्याशियों के समर्थकों में खूनी संघर्ष
दौसा से एक बार फिर तनावपूर्ण बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ कर विभाग कार्यालय मतदान केंद्र के बाहर स्थिति बेकाबू हो गई. मतदान के दौरान दो विरोधी प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट हुई. मतदान केंद्र के आसपास भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटने के कारण बार-बार हंगामे की स्थिति बन रही थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना अधिकारी युधिष्ठिर सिंह तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए मतदान केंद्र के 100 मीटर की परिधि से नियम विरुद्ध जुटी भीड़ को खदेड़ा और शांति व्यवस्था बहाल की.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: राजसमंद जिले में दूसरे चरण का मतदान जारी, देवगढ़ में उमड़ी भीड़
राजस्थान के राजसमंद जिले में निकाय चुनाव 2026 के तहत दूसरे चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी गति के साथ जारी है. जिले के राजसमंद, भीम और देवगढ़ नगर निकायों में मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. विशेष रूप से देवगढ़ के मतदान केंद्र संख्या 19 और 20 पर मतदाताओं की लंबी कतारें और भारी भीड़ देखने को मिल रही है, जहाँ महिला और पुरुष अपनी-अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए. देवगढ़ के सभी 25 वार्डों में मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, जहाँ कुल 71 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में डटे हुए हैं.
Dausa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा के कर विभाग कार्यालय बूथ पर पकड़ा गया फर्जी मतदाता
दौसा में चुनावी गड़बड़ियों का सिलसिला जारी रहा, जहाँ कर विभाग कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर एक बार फिर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया. यहाँ बूथ पर फर्जी मतदान करने की नीयत से आए एक संदिग्ध युवक को सतर्क लोगों और प्रत्याशियों के समर्थकों ने रंगे हाथों दबोच लिया. पकड़े जाने के बाद युवक ने सफाई देते हुए अजीब बयान दिया और कहा कि वह तो कहीं बैठकर खाना खा रहा था, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसे मतदान की पर्ची थमाकर जबरन वोट डलवाने के लिए बूथ पर ले आया. जैसे ही यह युवक बूथ के अंदर दाखिल हुआ, वहां मुस्तैद भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों ने उसे पहचान लिया और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत (डिटेन) में ले लिया.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: डीग के कुम्हेर में फर्जी मतदान को लेकर भिड़े दो पक्षों के लोग
डीग जिले के कुम्हेर इलाके में स्थित वार्ड नंबर 19 और 20 के मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान के मुद्दे को लेकर दो विरोधी प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए. फर्जी मतदाता के प्रवेश करने की बात पर दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प और भारी हंगामा शुरू हो गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. स्थिति के बेकाबू होने की सूचना मिलते ही थाना अधिकारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मोर्चा संभाला. पुलिस ने आक्रामक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज का सहारा लिया और डंडे फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को मतदान केंद्र से काफी दूर खदेड़ दिया.
टोंक के टोडारायसिंह में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने डाला वोट
टोंक जिले के टोडारायसिंह नगरपालिका चुनाव के अंतर्गत राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने सक्रिय रूप से अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाई. उन्होंने अपनी पत्नी राधा चौधरी के साथ पहुंचकर वार्ड नंबर 5 के मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला. मतदान करने के बाद मंत्री दंपति ने वहां मौजूद अन्य मतदाताओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने बड़ा बयान दिया और दावा किया कि इस चुनाव में पार्षद से लेकर प्रधानमंत्री तक हर स्तर पर भारतीय जनता पार्टी का दबदबा रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी सरकार के विकास कार्यों पर पूरी मुहर लगा रही है और प्रदेश की खुशहाली के लिए कड़ी से कड़ी जोड़ने के लिए पार्टी के पक्ष में मतदान कर रही है.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा में जिला परिषद मतदान केंद्र पर हंगामा, कांग्रेस प्रत्याशी के पति की पिटाई
दौसा जिले से भी मतदान के दौरान बड़े हंगामे की खबर सामने आई है, जहाँ जिला परिषद मतदान केंद्र पर भारी तनाव फैल गया. मतदान प्रक्रिया के दौरान अचानक काफी संख्या में बाहरी लोग और असामाजिक तत्व बूथ के अंदर घुस गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान हंगामे के बीच कांग्रेस प्रत्याशी के पति रविंद्र मोरेड के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया. घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाते हुए उग्र भीड़ को लाठियां फटकार कर तीतर-बितर किया.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: सिरोही के वार्ड 12 में कांग्रेस प्रत्याशी के परिवार में हुई खूनी झड़प
सिरोही जिले के वार्ड नंबर 12 से एक हैरान करने वाली और बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ मतदान के दिन ही कांग्रेस प्रत्याशी के घर की आपसी कलह सड़क पर आ गई. जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस प्रत्याशी शाजिद खान और उनके ही चचेरे भाई बाबू खान के बीच चुनावी रंजिश तथा पुराने घरेलू विवाद को लेकर तीखी कहासुनी हो गई. यह बहस इतनी बढ़ी कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई और झड़प शुरू हो गई. चुनाव के ठीक दिन परिवार के भीतर हुई इस खुलेआम भिड़ंत से पूरे वार्ड में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसे बाद में वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर शांत कराया.
Jaipur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: डिप्टी सीएम दिया कुमारी के दौरे पर कांग्रेस का ऐतराज
जयपुर नगर निगम चुनाव के मतदान के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कई मतदान केंद्रों का दौरा किया. इस दौरान विद्याधर नगर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन पर मतदान प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए एतराज जताया. इसके अलावा कई मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची से नाम गायब मिलने पर लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की.
Pratapgarh Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: कलेक्टर और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण, धरियावद-छोटी सादड़ी में
प्रतापगढ़ जिले में नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और एसपी विशाल जांगिड़ ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने धरियावद और छोटी सादड़ी में सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए हैं, जिससे पुलिस और प्रशासनिक अमले की सक्रियता काफी बढ़ गई है.
Sriganganagar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: सादुलशहर नगरपालिका चुनाव में बूथ के बाहर समर्थकों में हाथापाई
श्रीगंगानगर के सादुलशहर नगरपालिका चुनाव के दौरान कृषि उपज मंडी समिति बूथ के बाहर समर्थकों के बीच आपस में हाथापाई हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया और सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस जाब्ता भी घटनास्थल पर पहुंच गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों पर काबू पाया गया और स्थिति को शांत कराया गया.
Dausa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: पीजी कॉलेज मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान का प्रयास
दौसा में निकाय चुनाव मतदान के दौरान पीजी कॉलेज केंद्र पर फर्जी मतदान करने की कोशिश कर रही कुछ महिलाओं को पकड़ा गया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उन्हें हिरासत में लिया. इसके अलावा शहर के अलग-अलग मतदान केंद्रों से फर्जी वोटिंग की फिराक में घूम रहे 15 से अधिक संदिग्ध लोगों को भी डिटेन किया गया है. प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और स्पष्ट किया है कि चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस पकड़े गए सभी संदिग्धों से लगातार सघन पूछताछ कर रही है.
Sirohi Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: बीजेपी प्रत्याशी के बेटे पर वोट खरीदने का आरोप, वीडियो वायरल
सिरोही के वार्ड-18 में निकाय चुनाव के दौरान बीजेपी प्रत्याशी हेमलता रावल के बेटे चिराग रावल पर वोट खरीदने का गंभीर आरोप लगा है. आरोप है कि वे एक निजी मकान में मतदाताओं को प्रलोभन दे रहे थे, जिसका वीडियो कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने बनाया. वीडियो वायरल होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश सिंह तोमर ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है. प्रशासन ने चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त न करने की बात कही है.
Bikaner Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: नोखा नगर पालिका चुनाव 2026 में वार्ड 32 पर मामूली बहस, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बीकानेर जिले के नोखा नगर पालिका चुनाव 2026 के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है। इस बीच वार्ड नंबर 32 पर दो पक्षों के बीच मामूली बहस होने की सूचना मिली। स्थिति को संभालते हुए सीआई ईश्वर जांगिड़ ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इस वार्ड से संतोष झंवर (नारायण झंवर की पत्नी) चुनावी मैदान में हैं। पूर्व विधायक बिहारी बिश्नोई भी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखते हुए मतदान करने का आग्रह किया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
Jaipur Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने डाला वोट
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी धर्मपत्नी गीता शर्मा के साथ निकाय चुनावों के दूसरे चरण में मतदान किया। मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने बालाजी टॉवर स्थित शिव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके साथ बगरू विधायक कैलाश वर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की और बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।
Sri Ganganagar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: श्रीगंगानगर में 106 वर्षीय बुजुर्ग महिला का अनूठा जज्बा
राजस्थान में चल रहे निकाय चुनावों के बीच श्रीगंगानगर जिले से लोकतंत्र को मजबूती देने वाली एक बेहद प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है. यहां 106 साल की एक बुजुर्ग महिला ने अपनी उम्र को मात देते हुए मतदान के प्रति गजब का उत्साह दिखाया. अत्यधिक उम्र और स्वास्थ्य संबंधी सीमाओं के बावजूद यह बुजुर्ग महिला व्हीलचेयर पर बैठकर बूथ संख्या 83 तक पहुंचीं और अपने मताधिकार का पूरी निष्ठा के साथ प्रयोग किया.
Dausa Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा में फर्जी मतदान की अफवाह पर भारी हंगामा और मारपीट
दौसा जिले के मतदान केंद्र संख्या 78 पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब बड़ी संख्या में लोग जबरन मतदान केंद्र के अंदर घुस गए. फर्जी मतदाता अंदर घुसने की अफवाह फैलने के बाद केंद्र पर जोरदार हंगामा शुरू हो गया. इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना सामने आई है. स्थिति बिगड़ती देख बीएलओ ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद एसपी पीयूष दीक्षित और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जिला परिषद स्थित इस मतदान केंद्र पर हुए हंगामे के बाद मतदान दल के कार्मिकों ने स्पष्ट किया कि बूथ के अंदर कोई भी फर्जी मतदाता प्रवेश नहीं कर पाया है.
Barmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: बाड़मेर के चौहटन में ईवीएम में तकनीकी खराबी
बाड़मेर जिले के चौहटन से मिल रही खबर के अनुसार, बूथ संख्या 19 पर ईवीएम मशीन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई. मशीन खराब होने के कारण वहां कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी. सूचना मिलते ही ईवीएम के तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और मशीन को ठीक करने का प्रयास शुरू किया. यदि यह मशीन ठीक नहीं होती है तो निर्वाचन नियमों के तहत इसे तुरंत बदलकर दूसरी मशीन लगाई जाएगी ताकि मतदाता बिना किसी बाधा के वोट डाल सकें.
Jhunjhunu Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: झुंझुनूं के चिड़ावा में महिलाओं के वीडियो बनाने पर विवाद
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा नगरपालिका चुनाव के दौरान वार्ड 15 में उस समय विवाद खड़ा हो गया जब महिलाओं के वीडियो बनाने की बात सामने आई. एक कैमरामैन पर बुर्के और घूंघट हटाकर महिलाओं की फोटो और वीडियो लेने का गंभीर आरोप लगाया गया. इस बात पर वार्डवासियों ने कड़ी आपत्ति जताई और मौके पर जमकर हंगामा हुआ. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए आरोपी कैमरामैन का मेमोरी कार्ड अपने कब्जे में ले लिया. बाद में सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में आपसी समझाइश की गई और मेमोरी कार्ड वापस लौटा दिया गया, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
Alwar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: राजगढ़ अलवर में शांतिपूर्ण मतदान और प्रशासनिक निरीक्षण
अलवर जिले के राजगढ़ में नगरपालिका चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान प्रक्रिया पूरी सख्ती और सुरक्षा के बीच जारी है. इस नगरपालिका क्षेत्र में कुल 31,702 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एएसपी ग्रामीण अलवर डॉ. प्रियंका रघुवंशी, डीएसपी अंगद शर्मा, राजगढ़ डीएसपी देशराज कुलदीप और थानाधिकारी भारी पुलिस जाप्ते के साथ वार्ड नंबर 21 के मतदान केंद्र पर पहुंचे. अधिकारियों ने वहां तैनात मतदान कार्मिकों से पूरी जानकारी ली. इस दौरान दिव्यांग मतदाता हीरालाल सैनी ने भी उत्साह के साथ अपने मत का प्रयोग किया. पहली बार वोट डालने आए युवाओं में भी खासा जोश देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.
Sri Ganganagar Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: श्रीगंगानगर के पदमपुर में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव
श्रीगंगानगर जिले के पदमपुर से एक तनावपूर्ण घटना सामने आई है. पदमपुर के वार्ड नंबर 9 के मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प हो गई. स्थिति तनावपूर्ण होते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन का भारी जाब्ता तुरंत मौके पर पहुंच गया. आपको बता दें कि पदमपुर का वार्ड नंबर 9 दोनों प्रमुख दलों यानी भाजपा और कांग्रेस के लिए एक हॉट सीट बना हुआ है, जिसके कारण यहां राजनीतिक सरगर्मी काफी ज्यादा है. पुलिस अधिकारियों और सुरक्षा बलों की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया और स्थिति को नियंत्रण में लाया गया.
टोंक में विधायक राजेंद्र गुर्जर ने निभाया नागरिक कर्तव्य
टोंक जिले में भी लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर मतदाताओं में भारी जोश देखा जा रहा है. इसी कड़ी में स्थानीय विधायक राजेंद्र गुर्जर ने आगे बढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. उन्होंने घंटाघर चौराहे के पास स्थित एक बूथ पर पहुंचकर लाइन में अपनी बारी का इंतजार किया और आम नागरिक की तरह कतार में खड़े रहकर अपना वोट डाला. विधायक के इस सरल और अनुशासित अंदाज ने वहां मौजूद अन्य मतदाताओं का भी ध्यान खींचा और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया.
Pratapgarh Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: प्रतापगढ़ की छोटी सादड़ी में मशीन की तकनीकी खराबी
प्रतापगढ़ जिले की छोटी सादड़ी नगर पालिका के वार्ड 16 से मतदान के दौरान तकनीकी खराबी की खबर सामने आई. वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने के कुछ देर बाद ही मशीन में तकनीकी खामी आ गई. खराबी की सूचना मिलते ही चुनाव अधिकारियों ने तुरंत एक्शन लिया और मतदान मशीन को बदलने का निर्णय किया. सेक्टर मजिस्ट्रेट और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पुरानी खराब मशीन को हटाकर उसकी जगह दूसरी सुचारू मशीन स्थापित की गई. तकनीकी समस्या को पूरी तरह दूर करने के बाद मतदान प्रक्रिया को फिर से सुचारु रूप से शुरू कर दिया गया ताकि कतार में खड़े लोग आसानी से वोट डाल सकें.
Barmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: बाड़मेर के चौहटन में महिलाओं का भारी उत्साह
बाड़मेर जिले की चौहटन नगर पालिका के लिए मतदान प्रक्रिया तेजी से चल रही है. अपने सुबह के घरेलू और जरूरी कार्य निपटाने के बाद ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएं और बेटियां बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंच रही हैं. चौहटन के मतदाता इस बार क्षेत्र के समग्र विकास और विशेष रूप से बालिका शिक्षा के मुद्दों को सर्वोपरि मानकर मतदान कर रहे हैं. कुल 20 वार्डों के लिए मैदान में उतरे 64 प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए मतदाताओं से लगातार संपर्क और आग्रह कर रहे हैं. इस बार के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका बेहद मजबूत मानी जा रही है, जिसके चलते राजनीतिक जानकारों की निगाहें भी इन्हीं निर्दलीय उम्मीदवारों के चुनावी परिणामों पर टिकी हुई हैं.
Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: दौसा, पाली और श्रीगंगानगर के सुबह 10 बजे तक के आंकड़े
दौसा जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या झा विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार दौरा कर रही हैं. दौसा में सुबह 10 बजे तक करीब 22% मतदान हो चुका है और सुरक्षा के लिए 1500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पाली जिले में पाली नगर निगम में 19.14%, बाली में 23.61%, तखतगढ़ में 32.17%, सुमेरपुर में 26.23%, फालना में 26.78% और सादड़ी में 26.89% मतदान हुआ है. श्रीगंगानगर जिले के विभिन्न निकायों में भी सुबह 10 बजे तक अच्छी वोटिंग दर्ज की गई है, जिसमें श्रीगंगानगर में 20.91%, केसरीसिंहपुर में 29.77%, श्रीकरणपुर में 31.82%, पदमपुर में 30.34%, गजसिंहपुर में 42.51% और सादुलशहर में 31.70% मतदान हुआ है.
Tonk-Ajmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: टोंक और अजमेर में मतदान की स्थिति और नेताओं के दावे
राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनावों के दूसरे चरण के तहत मतदान पूरी तेजी और शांति के साथ चल रहा है. टोंक जिले में कुल मतदान प्रतिशत 24.55% दर्ज किया गया है, जिसमें सबसे ज्यादा लाम्बाहरिसिंह में 31.91% और सबसे कम टोंक में 22.45% मतदान हुआ है. इसके अलावा डिग्गी में 30.37%, मालपुरा में 25.82% और टोडारायसिंह में 28.18% वोटिंग हुई है. पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने टोंक पहुंचकर घंटाघर पर मतदाताओं से चर्चा की और बीजेपी का बोर्ड बनने का दावा किया. अजमेर में नगर निगम का मतदान 14.58%, किशनगढ़ का 19.33% और पुष्कर का 24.63% रहा, जहां कुल औसत मतदान 15.92% दर्ज किया गया. अजमेर में किन्नर समाज के सदस्यों ने भी लाखन कोटड़ी स्थित वार्ड 12 में मतदान कर लोगों को जागरूक किया.
Jalore Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: जालोर के सांचौर में 28.80% और भीनमाल में 27.10% हुआ सुबह 10 बजे तक मतदान
जालोर जिले के निकाय चुनावों के दूसरे चरण में सुबह 10 बजे तक सांचौर में 28.80% और भीनमाल में 27.10% मतदान हो चुका है. सांचौर के 35 और भीनमाल के 38 वार्डों में मतदाता अपनी शहरी सरकार चुनने के लिए उत्साह के साथ वोट डाल रहे हैं.
Pratapgarh Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: प्रतापगढ़ में दूसरे चरण का मतदान जारी, छोटीसादड़ी में 23.01% और धरियावद में 29.74% वोटिंग
प्रतापगढ़ जिले के निकायों में दूसरे चरण का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. सुबह 10 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक छोटीसादड़ी नगर पालिका में 23.01% और धरियावद नगर पालिका में 29.74% मतदान हो चुका है. प्रशासन का मानना है कि जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, मतदान प्रतिशत में और इजाफा देखने को मिलेगा.
Ajmer Nikay Chunav 2026 Voting LIVE: अजमेर दक्षिण में सुबह 10 बजे तक 14.57% मतदान, बूथों पर दिखी मतदाताओं की भीड़
अजमेर नगर निगम चुनाव 2026 के अंतर्गत अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सुबह 10 बजे तक 14.57 प्रतिशत मतदान हो चुका है. पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या और वेटिंग देखने को मिल रही है. प्रशासन द्वारा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने किया मतदान केंद्रों का दौरा, विकास का किया दावा
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने स्थानीय निकाय चुनाव के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि मतदाताओं में भारी जोश है और इस बार चुनाव का मुख्य मुद्दा शहरों का विकास है. गोपाल शर्मा ने ट्रिपल इंजन की ताकत से शहरी विकास को गति मिलने की बात कहते हुए भाजपा के पक्ष में भारी मतदान का दावा किया है.
जयपुर में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने किया मतदान, सरकार पर साधा निशाना
जयपुर में कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने सिविल लाइंस स्थित टाइनी ब्लॉसम स्कूल बूथ पर अपना मतदान किया. उन्होंने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की और सरकार पर महंगाई व भ्रष्टाचार बढ़ाने का आरोप लगाया. खाचरियावास ने कहा कि जनता धार्मिक मुद्दों पर नहीं बल्कि पेट्रोल, डीजल, सिलेंडर और तेल की महंगाई के मुद्दे पर वोट कर रही है और इस चुनाव में बीजेपी को करारा झटका मिलने वाला है.

