Jaipur Bus Update: दिवाली पर जयपुर में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने बसों के संचालन को लेकर जो नया आदेश जारी किया था, उसे वापस ले लिया गया है। रोडवेज अधिकारियों और निजी बस ऑपरेटर्स के विरोध के बाद अब पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी। यानी रोडवेज की एक्सप्रेस और वोल्वो बसें पहले की तरह सिंधी कैंप बस स्टैंड से ही संचालित होंगी। निजी बसों को भी फिलहाल राहत मिल गई है। इससे दिवाली के दौरान दूसरे शहरों और राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बस स्टैंड बदलने की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
3 से 9 नवंबर तक लागू होनी थी नई व्यवस्था
दरअसल, दिवाली के दौरान जयपुर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने 3 से 9 नवंबर तक रोडवेज और निजी बसों का संचालन शहर के बाहरी इलाकों से करने का निर्णय लिया था। इसके लिए निजी बसों और रोडवेज के लिए अलग-अलग स्थान भी निर्धारित किए गए थे। लेकिन आदेश जारी होते ही रोडवेज प्रशासन और निजी बस संचालकों ने इस पर आपत्ति जताई। विरोध के बाद सोमवार को दिनभर चली बातचीत के बाद यातायात पुलिस को अपना फैसला वापस लेना पड़ा।
Jaipur Bus Update: रोडवेज अधिकारियों ने क्यों जताई आपत्ति?
रोडवेज अधिकारियों का कहना था कि सिंधी कैंप अधिकृत बस स्टैंड है और यहां से प्रदेश के अलग-अलग शहरों के साथ दूसरे राज्यों के लिए भी बसें संचालित होती हैं। यात्रियों की सुविधा और परिवहन व्यवस्था को देखते हुए बसों का संचालन यहीं से जारी रहना चाहिए। अधिकारियों ने यह भी तर्क दिया कि ट्रांसपोर्ट नगर, हीरापुरा टर्मिनल, दुर्गापुरा और सीकर रोड पर पहले से ही रोडवेज के बस स्टॉपेज मौजूद हैं।
Jaipur Bus Update: वैकल्पिक बस स्टैंड तक पहुंचना होता मुश्किल
बसों को शहर से बाहर शिफ्ट करने के फैसले पर यात्रियों की सुविधा को लेकर भी सवाल उठे। रेलवे स्टेशन से आने वाले यात्रियों को दूसरे बस स्टैंड तक पहुंचने के लिए ऑटो या कैब का अतिरिक्त किराया देना पड़ता। वैकल्पिक बस स्टैंड वाले इलाकों में पर्याप्त सिटी बस कनेक्टिविटी नहीं होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ सकती थी।
निजी बसों के संचालन पर भी उठे सवाल
यातायात पुलिस के फैसले को वापस लेने के बाद निजी बसों के संचालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, सिंधी कैंप के आसपास निजी बसों के अनधिकृत संचालन और सड़क पर बसें खड़ी रहने से जाम की समस्या पैदा होती है। ऐसे में निजी बसों और रोडवेज बसों के लिए समान व्यवस्था लागू करने के फैसले पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
Jaipur Bus Update: अब क्या रहेगी बसों की व्यवस्था?
सिंधी कैंप प्रबंधन के राकेश राव के अनुसार, मुख्यालय से रोडवेज बसों का संचालन सिंधी कैंप से ही जारी रखने के निर्देश मिले हैं। वहीं, डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक ने भी स्पष्ट किया कि रोडवेज अधिकारियों से बातचीत के बाद पुरानी व्यवस्था यथावत रखने का फैसला किया गया है।
Jaipur Bus Update, ऐसे में दिवाली के दौरान जयपुर से दूसरे शहरों और राज्यों की यात्रा करने वाले यात्रियों को फिलहाल बस स्टैंड बदलने की जरूरत नहीं होगी। रोडवेज बसें पहले की तरह सिंधी कैंप से ही चलेंगी।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

