Eetha Trailer: बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। ट्रेलर रिलीज के दिन ही संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन हाउस ने आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ से जुड़ा पोस्ट शेयर कर दिया। इसके बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भंसाली प्रोडक्शंस को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया। यूजर्स ने सवाल उठाया कि आखिर श्रद्धा कपूर की फिल्म के ट्रेलर रिलीज वाले दिन ही ‘गंगूबाई’ को याद करने की क्या जरूरत पड़ गई? कुछ लोगों ने इसे इनसिक्योरिटी और जलन से जोड़कर भी देखा।
‘ईथा’ के ट्रेलर वाले दिन क्यों शेयर किया गंगूबाई का पोस्ट?
दरअसल, शुक्रवार को श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईथा’ का ट्रेलर रिलीज हुआ। इसी दिन भंसाली प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ का पोस्ट शेयर किया।
इस पोस्ट के साथ लिखा गया, “दुनिया उसकी कहानी लिख रही थी, गंगूबाई ने कलम अपने हाथ में ले ली।”
पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसकी टाइमिंग पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। लोगों का कहना था कि श्रद्धा की फिल्म के ट्रेलर रिलीज वाले दिन ही आलिया भट्ट की फिल्म का प्रचार करने की क्या जरूरत थी?
‘फैंस करें तो ठीक, प्रोडक्शन हाउस ऐसी हरकत क्यों?’
भंसाली प्रोडक्शंस की पोस्ट पर कई सोशल मीडिया यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा कि फैंस अगर ऐसी तुलना करें तो समझ आता है, लेकिन किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस के आधिकारिक अकाउंट से ऐसी पोस्ट करना ठीक नहीं है।
वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे बचकानी हरकत बताते हुए प्रोडक्शन हाउस की आलोचना की। एक अन्य यूजर ने श्रद्धा कपूर की सफलता से जलन और असुरक्षा दिखाने का आरोप लगाया।
हालांकि, ‘ईथा’ और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के बीच कोई सीधा संबंध नहीं है। दोनों फिल्मों की कहानियां अलग हैं, लेकिन महिला केंद्रित विषय होने के चलते सोशल मीडिया पर इनकी तुलना की जा रही है।
सलमान-ऐश्वर्या की तस्वीरें शेयर करने पर भी हुआ था विवाद
भंसाली प्रोडक्शंस का सोशल मीडिया पोस्ट पहले भी विवादों में रह चुका है। कुछ दिन पहले करवा चौथ के मौके पर प्रोडक्शन हाउस के X अकाउंट से फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ में सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की तस्वीरें शेयर की गई थीं।
उस पोस्ट को लेकर भी सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं आई थीं। अब ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की पोस्ट के बाद एक बार फिर प्रोडक्शन हाउस यूजर्स के निशाने पर आ गया है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी श्रद्धा कपूर की ‘ईथा’
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘ईथा’ में श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म को पहले अगस्त 2026 में रिलीज किया जाना था, लेकिन यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज आगे बढ़ा दी गई।
अब यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिलहाल फिल्म के ट्रेलर को लेकर दर्शकों में उत्सुकता है। वहीं, भंसाली प्रोडक्शंस की पोस्ट ने रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

