PM Modi IIT Kharagpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में छात्रों को सीमित सोच से बाहर निकलने और बड़ी चुनौतियों के समाधान खोजने का संदेश दिया। संबोधन में उन्होंने शौचालय निर्माण की अपनी घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल का संसद में मजाक उड़ाया गया था। उन्होंने गरीबी उन्मूलन, सेमीकंडक्टर निर्माण और तकनीकी विकास में संस्थान के पूर्व छात्रों के योगदान पर भी बात की।
वर्ष 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश का पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने संस्थान की 75वीं वर्षगांठ के समारोह में उनकी भागीदारी की जानकारी दी थी।
शौचालय निर्माण की घोषणा पर क्या बोले प्रधानमंत्री?
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने लाल किले से गरीबों के लिए शौचालय बनाने की घोषणा की थी, तब संसद में कुछ लोगों ने इस विषय को उठाने पर उनका मजाक उड़ाया था।
PM Modi IIT Kharagpur , उनके अनुसार, आलोचना करने वाले लोग गरीब महिलाओं के जीवन में शौचालय की जरूरत और उसके महत्व को नहीं समझ पाए। उन्होंने इस पहल को बुनियादी सुविधाओं के जरिए लोगों को सशक्त बनाने की सोच से जोड़ा।
गरीबी उन्मूलन के पुराने प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल नारे देने से आगे बढ़कर लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाले काम जरूरी हैं।
PM Modi IIT Kharagpur : गरीबी से बाहर आए लोगों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में लोगों को सशक्त बनाने के सिद्धांत पर काम किया है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि करीब 12 से 13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
उन्होंने इस बदलाव को पुराने दायरों से बाहर निकलकर काम करने का परिणाम बताया। छात्रों को दिए संदेश में उन्होंने समस्याओं को स्थायी मान लेने के बजाय उनके समाधान की दिशा में प्रयास करने पर जोर दिया।
PM Modi IIT Kharagpur: सेमीकंडक्टर मिशन पर दिया संदेश
सेमीकंडक्टर क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन शुरू करने के समय कुछ लोगों ने भारत के बहुत देर कर देने की बात कही थी। उनके अनुसार, दुनिया में दशकों से चिप निर्माण हो रहा था, लेकिन इससे भारत के प्रयास रुकने नहीं चाहिए थे।
उन्होंने यह भी कहा कि लगभग 50 साल पहले सेमीकंडक्टर निर्माण के लिए भारत आई एक कंपनी को वापस भेज दिया गया था। प्रधानमंत्री ने कंपनी का नाम लिए बिना इस प्रसंग का उल्लेख किया।
मोदी के मुताबिक, नई योजना पर काम शुरू होने के बाद कुछ वर्षों में कई सेमीकंडक्टर इकाइयां स्थापित हुई हैं और भारत से चिप निर्यात भी शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई इकाइयों के नेतृत्व में आईआईटी खड़गपुर के पूर्व छात्र शामिल हैं।
PM Modi IIT Kharagpur : अंतरिक्ष से उद्योग तक पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना
प्रधानमंत्री ने संस्थान के इतिहास को स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर कभी स्वतंत्रता सेनानियों को बंदी बनाकर रखा जाता था, वहां बना संस्थान आज तकनीकी प्रगति में योगदान दे रहा है।
उन्होंने उद्योग, बुनियादी ढांचे, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा के क्षेत्रों में आईआईटी खड़गपुर के इंजीनियरों की भूमिका की सराहना की। स्काईरूट एयरोस्पेस के पवन का उल्लेख करते हुए उन्होंने निजी अंतरिक्ष क्षेत्र में पूर्व छात्रों के योगदान को भी रेखांकित किया।
प्रधानमंत्री ने छात्रों से अपने ज्ञान और शोध को देश की जरूरतों से जोड़ने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भागीदारी करने का आह्वान किया।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

