CM Bhajan Lal Sharma ने शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर झालाना के विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में बरगद का पौधा रोपकर ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया।

इस दौरान CM ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए आमजन से वर्षा ऋतु में अधिक से अधिक पौधे लगाकर मिशन हरियालो राजस्थान में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रदेश में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृहद् स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। हम सभी को राजस्थान को पर्यावरण की दृष्टि से श्रेष्ठ बनाना है।
CM ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और हरित विकास के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संतुलन के प्रति आमजन भी अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण भाव से निर्वहन करें और नई पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दें।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने की दृष्टि से 10 करोड़ पौधे लगाने एवं संरक्षण का लक्ष्य रखा गया है।
इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, सांसद मंजू शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारीगण एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
सांसद मंजू शर्मा ने भी पौधारोपण किया
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर CM Bhajan Lal Sharma के अलावा जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने भी विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ तथा ‘हरियालो राजस्थान अभियान-2026’ के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि “मां हमें जीवन देती है और वृक्ष उस जीवन को संवारते हैं। इसलिए हर व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भावनाओं और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम है। यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का जनआंदोलन बन चुका है।
सांसद ने प्रदेशवासियों से ‘हरियालो राजस्थान अभियान-2026’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो राजस्थान को हरित और पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा हरियाली बढ़ाने के जनअभियान को घर-घर तक पहुंचाने का संदेश दिया।
Edited by: Bhoomi Goyal
