जयपुर में शराब ठेकेदारों का प्रदर्शन, त्रैमासिक गारंटी समेत कई मांगें | TNC |
जयपुर के शहीद स्मारक पर प्रदेशभर से आए शराब ठेकेदारों ने आबकारी नीति से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शराब की दुकानें रात 11 बजे तक खोलने, गारंटी उठाव व्यवस्था को मासिक के बजाय त्रैमासिक करने, शराब उठाव पर लागू विभिन्न राइडर्स और शर्तों को समाप्त करने तथा कोरोना काल की बकाया राशि माफ करने की मांग की। ठेकेदारों का कहना है कि इन बदलावों से कारोबार के साथ सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन तेज करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया जाएगा।
