Barmer Murder Case: राजस्थान के बाड़मेर जिले में हत्या के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहले मामले में खाना नहीं बनाने की बात पर हुए विवाद में सगे भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर 50 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। वहीं, धोरीमन्ना क्षेत्र में खेत पर कुएं के पास सो रहे दो लोगों पर लाठी से हमला कर दिया गया। इसमें एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर घायल हो गया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
खाना नहीं बनाने पर सगे भाई की कर दी थी हत्या
बाड़मेर के गंगावास स्थित हुड्डों की ढाणी में खाना नहीं बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में रेवंताराम ने अपने सगे भाई भोमाराम की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी थी। इस मामले में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-2 की न्यायाधीश मीनाक्षी मीणा ने मंगलवार को फैसला सुनाया।
अदालत ने आरोपी रेवंताराम पुत्र पुनमाराम को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही 50 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। जुर्माना जमा नहीं कराने पर एक महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
Barmer Murder Case: 17 गवाह और 32 दस्तावेज बने सजा का आधार
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 17 गवाहों के बयान करवाए। इसके अलावा 32 दस्तावेज और तीन आर्टिकल साक्ष्य के रूप में पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने आरोपी को हत्या का दोषी करार दिया।
राज्य पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मोहनलाल पूनड ने पैरवी की।
Barmer Murder Case: भाई के घर पहुंचने पर बाथरूम में मिला था शव
अपर लोक अभियोजक के अनुसार, 23 अगस्त 2024 को गुसाईराम ने नागाणा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सुबह करीब 8 बजे रेवंताराम उसके घर पहुंचा और कहा कि उसने भोमाराम को कुल्हाड़ी मार दी है।
इसके बाद परिवादी अपने भाई विशनाराम और काका झुंझाराम के साथ रेवंताराम के घर पहुंचा। वहां आंगन में चारपाई के पास खून पड़ा था। घर के बाहर से देखने पर बाथरूम में भोमाराम का शव दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस और आसपास के लोगों को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की और आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र पेश किया। दोनों भाई अविवाहित थे और उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
धोरीमन्ना में खेत पर सो रहे दो लोगों पर लाठी से हमला
बाड़मेर के धोरीमन्ना थाना क्षेत्र के कन्हैया नगर कोजा में एक अन्य हत्या की वारदात सामने आई है। यहां खेत में कुएं के पास रात को सो रहे दो लोगों पर एक व्यक्ति ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में 61 वर्षीय हरिराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 40 वर्षीय पदमाराम गंभीर घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रामनिवास पुत्र पुरखाराम विश्नोई जांगू के खेत में बने कुएं पर पदमाराम और कुम्हारों की बेरी निवासी हरिराम पुत्र भारमल बोला सो रहे थे। इसी दौरान भगभरे की बेरी निवासी किशनाराम पुत्र ठाकराराम खिचड़ वहां पहुंचा और दोनों पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में हरिराम के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पदमाराम के सिर और दोनों हाथों में चोटें आईं। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
Barmer Murder Case: ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने के बजाय आसपास घूमता रहा। घायल की मदद के लिए पहुंचे ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के आने तक अपने कब्जे में रखा।
सूचना मिलने पर धोरीमन्ना थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे। गुड़ामालानी सीओ ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
घायल पदमाराम को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय धोरीमन्ना भेजा गया, जबकि हरिराम के शव को मोर्चरी में रखवाया गया। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हत्या कबूल करने का वीडियो भी आया सामने
घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आने की जानकारी मिली है। इनमें एक वीडियो में आरोपी कथित तौर पर हत्या करने की बात स्वीकार करता दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।
फिलहाल पुलिस दोनों मामलों से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। एक मामले में अदालत ने दोषी को उम्रकैद सुनाई है, जबकि धोरीमन्ना की घटना में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

