जयपुर के आमेर थाने में चोरी के एक मामले की पूछताछ के दौरान 16 वर्षीय नाबालिग से कथित मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। परिवार का कहना है कि 5 अगस्त 2026 को नाबालिग को थाने बुलाया गया और पिता को बाहर बैठाकर अंदर पूछताछ की गई। आरोप है कि इस दौरान नाबालिग के कपड़े उतरवाकर उसे पीटा गया और चोरी स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। परिजनों के अनुसार, SMS Hospital में जांच के बाद नाबालिग के हाथ में फ्रैक्चर सामने आया और प्लास्टर चढ़ाया गया। पीड़ित परिवार ने राजस्थान मानवाधिकार आयोग और DCP Jaipur North को शिकायत देकर आरोपी पुलिसकर्मियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच तथा कार्रवाई की मांग की है। The News Canvas इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।




