Daily Dose: ‘बच्चा’ बना ‘बाहुबली’: पायलट के तेवर, गहलोत चित! | Pilot vs Gehlot 

Rakesh Sharma - National Head
5 Min Read

राजनीति में जब ‘खामोशी’ शोर मचाने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि ‘तूफान’ ने दस्तक दे दी है। राजस्थान की सियासत में आजकल यही हो रहा है। गहलोत साहब जिन्हें ‘बच्चा’ कहकर टाल रहे थे, वही ‘बच्चा’ अब सियासत का ‘बाहुबली’ बनने की राह पर है।

गहलोत साहब ने पायलट को ‘बच्चा’ बताते हुए कहा, ‘मैं उन्हें बचपन से जानता हूं। उनके घर जाता था। वे तब 2-3 साल के बच्चे थे। मैं अब भी उन्हें बच्चा ही समझता हूं। और पायलट साहब ने दौसा में खड़े होकर जो ‘जवाब’ दिया, उसने गहलोत के पूरे ‘अहंकार’ को एक झटके में ‘डिफ्यूज’ कर दिया। पायलट ने बड़ी मासूमियत से कहा —”मेरा भी उतना ही लगाव है जितना वैभव के साथ है।”

इसे कहते हैं ‘पायलट-क्लास’ का तंज! गहलोत जी, आप उन्हें ‘बच्चा’ कह रहे थे, और उन्होंने आपको ‘पिता तुल्य’ बताकर सीधे ‘बूढ़ा’ वाला टैग थमा दिया। ये ‘मोहब्बत की दुकान’ का इतना कड़वा सच था कि शायद गहलोत साहब भी समझ गए होंगे— कि अब तीर ‘बचपन’ पर नहीं, सीधे ‘अनुभव’ के गुमान पर लगा है

गहलोत साहब, आप तो पायलट को ‘बच्चा’ कहकर टाल रहे थे, लेकिन आपके ही खेमे के पूर्व मंत्री रमेश मीणा ने तो सीधा ‘नार्को टेस्ट’ का ही डिमांड लेटर थमा दिया! करौली के मंच से रमेश मीणा ने गर्जना की — 10 करोड़ लेने का आरोप लगाने वालों से आज भी कहता हूँ — मेरा नार्को टेस्ट करा लो, सच सामने आ जाएगा। ताकि पता चले, सरकार बचाने के लिए निर्दलीयों और भाजपा के विधायकों पर कितना पैसा लुटाया गया!”

वाह! जिसे आप ‘बच्चा’ समझ रहे थे, उसके साथी अब सीधे ‘सच्चाई की लैब’ में ले जाने की बात कर रहे हैं। ये नार्को टेस्ट की मांग नहीं है, ये गहलोत साहब के ‘पॉलिटिकल बैंक अकाउंट’ की ऑडिट की मांग है! अब जवाब ‘बच्चा’ कहकर नहीं दिया जा सकेगा, अब ‘पाई-पाई’ का हिसाब देना पड़ेगा। करौली से दौसा… पिछले 48 घंटों में सचिन पायलट ने जो भीड़ जुटाई है, वो किसी ‘स्मृति सभा’ का नज़ारा नहीं, बल्कि ‘चुनावी हुंकार’ लग रही थी।

पायलट साहब जानते हैं कि दिल्ली के दरबार में सिर्फ ‘चिट्ठियों’ से बात नहीं बनती, ‘शक्ति’ दिखानी पड़ती है। उन्होंने गहलोत साहब को उनके ही घर में बिना नाम लिए ‘चेक-मेट’ कर दिया है। गहलोत साहब जहाँ बीते हुए कल (2020) की फ़िल्में दिखा रहे हैं, वहीं पायलट ने आज (2026) का ‘ट्रेलर’ लॉन्च कर दिया है। ये भीड़ बता रही है कि राजस्थान में ‘पायलट’ का ग्राफ़ अभी भी ‘हाई एल्टीट्यूड’ पर है! पायलट का बयान —”विचारों में मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं।”

ये तो वही पुरानी फिल्म का डायलॉग है—”मैं तुम्हें छोड़ूँगा नहीं, लेकिन मारूँगा भी नहीं।” पायलट ने अनुशासन का मुखौटा पहनकर गहलोत को एक ऐसी ‘अदृश्य जेल’ में कैद कर दिया है, जहाँ अगर गहलोत हमला करते हैं, तो वो ‘बदनाम’ होते हैं, और अगर खामोश रहते हैं, तो पायलट का ‘कलेवर’ बढ़ता है।

पायलट का ये कहना कि “12 साल हो गए, बीजेपी अब अपना रिपोर्ट कार्ड दिखाए” असल में गहलोत के लिए एक ‘अलार्म’ है।
पायलट साहब, आप बीजेपी से सवाल पूछ रहे हैं या गहलोत साहब को ये याद दिला रहे हैं कि ‘अब पुरानी यादों के सहारे सरकार नहीं चलती’?

पायलट साहब का इशारा साफ है—”गहलोत जी, अब बहुत हो गई पुरानी यादें! अब जनता को भविष्य चाहिए, और भविष्य में आप नहीं, कोई ‘नया’ चेहरा चाहिए।” पायलट ने बहुत शालीनता से गहलोत के पूरे ‘कंट्रोल सिस्टम’ को रिबूट करने की चुनौती दे दी है। इसे कहते हैं—’बड़ा होने का असली लक्षण’।

‘बच्चा’ अब ‘पायलट’ बन चुका है! अशोक गहलोत साहब, अब आप उन्हें ‘बच्चा’ कहना छोड़ दीजिए, क्योंकि ये बच्चा अब ‘प्लेन’ उड़ाना सीख गया है, और वो प्लेन भी ‘हाइ-जैक’ करने में माहिर है।

सचिन पायलट ने साबित कर दिया है कि राजनीति में ‘हाथ’ की ताकत सिर्फ सिंबल में नहीं, बल्कि ‘जमीन की पकड़’ में होती है। गहलोत साहब को अब समझ लेना चाहिए—कि उम्र का तकाज़ा अनुभव देता है, लेकिन ज़माने की नब्ज़ पायलट बखूबी पहचानते हैं। अब जनता के साथ—साथ भाजपा की भी दिलचस्पी इस सवाल में बढ़ गई है कि क्या 2028 में ‘पायलट’ ही राजस्थान की कांग्रेस का ‘कैप्टन’ होगा ? या गहलोत साहब कोई और ‘पुराना जादू’ दिखाएंगे ?

Share This Article
Leave a Comment