Rajasthan Diwali Fire Incidents: दीपावली का त्योहार राजस्थान के कई परिवारों के लिए दुखद याद बन गया। पटाखों की चिंगारी से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं। जयपुर, सीकर, उदयपुर, कोटा, जालोर, बीकानेर और पाली में दुकानें, शोरूम, गोदाम और झोंपड़े आग की चपेट में आ गए। इन हादसों में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान है। सबसे दर्दनाक घटना पाली जिले के फालना कस्बे में हुई, जहां पटाखों की दुकान में लगी आग ने कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की जान ले ली। वहीं, जयपुर में साड़ी शोरूम से लेकर कपड़ों के गोदाम तक आग की लपटें उठती रहीं। कई जगह दमकलकर्मियों को घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाना पड़ा।
Jaipur Fire News: जयपुर में शोरूम और गोदाम आग की चपेट में
राजधानी जयपुर में दीपावली की रात आगजनी की कई घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। वैशाली नगर स्थित रंगोली गार्डन सोसाइटी की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। वहीं झोटवाड़ा के अंबिका विहार प्रेम नगर में मंडप साड़ी शोरूम में रात करीब 11 बजे आग भड़क उठी।
शोरूम में लगी आग इतनी भीषण थी कि सुबह तक दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी। शोरूम से महज 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम होने के कारण बड़े हादसे की आशंका बनी रही।
इसके अलावा खातीपुरा रोड पर गद्दों के शोरूम और फर्नीचर की दुकान में आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। रामपुरा रोड स्थित सुंदर नगर में कपड़ों के गोदाम में भी पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। सूचना मिलने पर मुहाना थाना पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
Pali Fire Accident: कांग्रेस पार्षद और पति की दर्दनाक मौत
पाली जिले के फालना कस्बे में दीपावली की रात सबसे दर्दनाक हादसा हुआ। यहां पटाखों की दुकान में आग लगने के बाद लपटों ने आसपास की दो अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं उनके पति और दुकान मालिक प्रकाश आग में जिंदा जल गए।
दोनों को बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई भी झुलस गए। दीपावली के मौके पर हुए इस हादसे से इलाके में शोक की लहर फैल गई।
Sikar Fire News: भाजपा पार्षद के गोदाम में लगी आग
सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में देर रात आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं। नवोडी कॉलोनी में भाजपा पार्षद श्यामसुंदर नारनौली के गोदाम में रात करीब पौने 12 बजे आग लग गई।
गोदाम से धुआं उठता देखकर राहगीरों ने नगरपालिका को सूचना दी। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में गोदाम का काफी सामान जल गया।
वहीं वार्ड 18 के साध्यावाली इलाके में महेंद्र सिंह शेखावत के खेत में रखी कड़बी में भी आग लग गई। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया।
Udaipur Fire News: रॉकेट गिरने से ढाबे में भड़की आग
उदयपुर शहर में भी पटाखों की चिंगारी ने दो जगह नुकसान पहुंचाया। सेक्टर-14 में रात करीब 10 बजे एक रॉकेट ढाबे में गिर गया, जिससे आग लग गई।
सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग गैस सिलेंडर तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दूसरी घटना रेती स्टैंड स्थित कार सर्विस गैराज में हुई। यहां पटाखे की चिंगारी से झाड़ियों और पास खड़ी कार में आग लग गई। क्लासिक ऑटो इलेक्ट्रिक के संचालक मेहफूज अहमद और उनके साथियों ने बोरिंग के पानी की मदद से आग बुझाई।
Jalore Fire News: तीन परिवारों के झोंपड़े जलकर राख
जालोर जिले के देसू गांव में आग लगने से भील समाज के तीन परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। आग ने देखते ही देखते झोंपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में घरों में रखा घरेलू सामान और जरूरी वस्तुएं भी जल गईं। दीपावली के दिन हुए इस हादसे के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Bikaner Fire News: स्क्रैप के बाड़े में तीन घंटे तक मशक्कत
बीकानेर के रानीसर बास में सोमवार तड़के कूलर स्क्रैप के बाड़े में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार पटाखों की चिंगारी से आग भड़की थी।
आग की लपटें कई फीट ऊपर तक उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद नगर निगम की चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
Kota Fire News: शहर में 30 से ज्यादा जगह आगजनी
कोटा शहर में दीपावली के दौरान आग लगने की 30 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं। शाम 5 बजे से देर रात डेढ़ बजे तक दमकल कंट्रोल रूम में लगातार सूचनाएं मिलती रहीं।
शहर के खाली प्लॉट, रिहायशी मकान, खेत, जंगल और सरकारी परिसरों में आग लगी। महावीर नगर थाने में खड़ी जब्तशुदा बाइकें भी आग की चपेट में आ गईं।
इसके अलावा आवली रोजड़ी में पराली से भरी ट्रॉली और गिरधरपुरा व रेलवे कॉलोनी में पराली के ढेर में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी जगह आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि कोटा में इन घटनाओं के दौरान कोई बड़ा जनहानि वाला हादसा नहीं हुआ।
पटाखों की चिंगारी बनी कई हादसों की वजह
राजस्थान में दीपावली की रात सामने आई आगजनी की घटनाओं ने पटाखों के इस्तेमाल और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई जगह दुकानों, गोदामों और रिहायशी इलाकों में आग फैलने से बड़ा नुकसान हुआ।
पाली में दो लोगों की मौत ने इन घटनाओं की गंभीरता को और बढ़ा दिया है। ऐसे में त्योहारों के दौरान पटाखे जलाते समय सावधानी, सुरक्षित दूरी और आग बुझाने के इंतजाम बेहद जरूरी हैं।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

