Run For Unity Jaipur: सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर जयपुर में शनिवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय शिक्षा, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रल्हाद जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और आमजन ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में साकार कर रहे हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति ही सशक्त भारत का आधार है।
सरदार पटेल के एक भारत के संकल्प को श्रेष्ठ भारत बना रहे PM मोदी
केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि आज देश जिस एकता और अखंडता के साथ खड़ा है, उसके पीछे सरदार वल्लभभाई पटेल का ऐतिहासिक योगदान है। उनके कुशल नेतृत्व और अथक परिश्रम से देश की 500 से अधिक रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत का निर्माण हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार पटेल के ‘एक भारत’ के संकल्प को ‘श्रेष्ठ भारत’ के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है। राजस्थान के निर्माण में भी सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने 30 मार्च 1949 को वृहद राजस्थान के गठन को साकार करने में योगदान दिया था।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी एकता के संकल्प का प्रतीक
प्रल्हाद जोशी ने कहा कि गुजरात के केवड़िया में स्थापित दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ सरदार पटेल के राष्ट्र के प्रति समर्पण और एकता के संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस प्रतिमा का अवलोकन करें और सरदार पटेल के जीवन, विचारों तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा लें।
युवा शक्ति से बनेगा सशक्त भारत: CM भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने दृढ़ संकल्प, अदम्य इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोने का काम किया। हमारी भाषाएं और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हमारी राष्ट्रीय पहचान एक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि सरदार पटेल के सपनों का सशक्त भारत युवाओं की भागीदारी से ही बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से माय भारत जैसे मंचों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने युवाओं को नौकरी खोजने वाले से नौकरी देने वाला बनाने में मदद की है। वहीं, खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
राजस्थान में 1.93 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 410 परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाकर 1 लाख 93 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
इसके अलावा 1 लाख 18 हजार भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 5 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में भी रोजगार उपलब्ध करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है। युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
मिशन ओलंपिक-2028 से खिलाड़ियों को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने खेलों के क्षेत्र में राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि युवाओं और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि एक जिला-एक खेल योजना और खेल जीवन बीमा योजना शुरू की गई हैं। वर्ष 2028 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए ‘मिशन ओलंपिक-2028’ शुरू किया गया है। इसके तहत 20 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में 50 खेलो इंडिया केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
अनुशासन, सेवा और राष्ट्र प्रथम का दिया संदेश
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं से सरदार पटेल के विचारों को आत्मसात करने और अनुशासन, सेवा तथा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कई पदक विजेता खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद मदन राठौड़, मंजू शर्मा, महापौर सुनील कोठारी, उप महापौर सरोज कंवर, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए राष्ट्रीय एकता, युवाओं की भागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

