बॉलीवुड अभिनेता Salman Khan शुक्रवार को फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ के निर्माता के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गए। बार एंड बेंच की रिपोर्ट के अनुसार, Salman ने अदालत में दायर अपनी याचिका में दावा किया है कि यह फिल्म उनकी अनुमति के बिना बनाई गई है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनके अंडरवर्ल्ड से संबंध होने का संकेत दिया गया है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
गौरतलब है कि काला हिरण शिकार मामले से प्रेरित बताई जा रही फिल्म ‘काला हिरण: द बैटल फॉर लेगेसी’ का फर्स्ट लुक शुक्रवार को ही जारी किया गया। फिल्म में Salman का जिक्र ‘अयान खान’ और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र ‘लॉयन’ नाम से किया गया है। जारी किए गए वीडियो में काला हिरण शिकार मामले और उससे जुड़ी कानूनी लड़ाई को दर्शाया गया है। फिल्म का निर्देशन भारत एस. श्रीनाथ ने किया है, जबकि अमित जानी इसके लेखक और निर्माता हैं। फिल्म का टीजर 20 जून को रिलीज किया जाएगा।
Salman ने अपनी याचिका में ‘काला हिरण’ फिल्म के मेकर्स पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनके जैसे दिखने वाले व्यक्ति का इस्तेमाल किया और उसे उनका सिग्नेचर ब्रेसलेट पहनाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मेकर्स उनके नाम का इस्तेमाल करके फिल्म का प्रमोशन कर रहे हैं। इसके अलावा, बॉलीवुड सुपरस्टार ने यह भी दावा किया है कि फिल्म की रिलीज़ से चल रही कानूनी कार्यवाही पर असर पड़ सकता है और उनकी छवि को नुकसान पहुँच सकता है।
इसलिए, एक्टर ने फिल्म के प्रोडक्शन, प्रमोशन, रिलीज़, स्ट्रीमिंग और उससे जुड़े प्रमोशनल मटीरियल के सर्कुलेशन पर रोक लगाने की मांग की है। इस मामले की सुनवाई जल्द ही कोर्ट में होगी।
पहले भी भेजा गया था लीगल नोटिस
इससे पहले Salman की ओर से पहले भी कानूनी कार्रवाई की गई थी। Salman की ओर से लॉ फर्म DSK लीगल ने कास्टिंग डायरेक्टर अक्षय पांडे को लीगल नोटिस भेजा था। नोटिस में फिल्म के निर्माण और प्रचार-प्रसार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई थी।
प्रोड्यूसर ने फाड़ दिया था लीगल नोटिस
फिल्म के निर्माता अमित जानी ने Salman की ओर से मिले लीगल नोटिस को सार्वजनिक रूप से फाड़ दिया था। उन्होंने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा कर इस पर प्रतिक्रिया भी दी थी। वीडियो में अमित जानी ने कहा कि उन्हें पिछले 36 घंटों के दौरान बड़ी संख्या में धमकी भरे संदेश मिले हैं। उनका आरोप था कि सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने और सिर कलम करने जैसी धमकियां दी गईं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि उन्हें डी-कंपनी के नाम से भी एक संदेश भेजा गया, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह यह नहीं जानते कि वह संदेश असली था या नकली।
अमित जानी ने वीडियो में कहा कि उनके सामने सवाल यह है कि वह कानूनी नोटिस का जवाब दें या फिर उन्हें मिल रही धमकियों और आपत्तिजनक संदेशों का।
काला हिरण फिल्म है क्या?
पिछले महीने जब ‘काला हिरण’ फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज़ हुआ, तो इसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। यह फिल्म बॉलीवुड सुपरस्टार Salman से जुड़े काले हिरण के शिकार के मामले पर आधारित है और इसमें कोर्टरूम ड्रामा और क्राइम थ्रिलर जैसी शैलियों का मिश्रण है। इसमें Salman और कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच की मशहूर दुश्मनी को सिनेमाई अंदाज़ में दिखाया जाएगा।
1998 का मामला 2026 में फिर चर्चा में
1998 में सामने आया था काला हिरण शिकार मामला
Salman से जुड़ा चर्चित काला हिरण शिकार मामला वर्ष 1998 में सामने आया था। उस समय वह जोधपुर में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग कर रहे थे। इस मामले में salman के खिलाफ कुल चार केस दर्ज किए गए थे, जिनमें दो चिंकारा शिकार मामले, एक कांकाणी काला हिरण शिकार मामला और एक आर्म्स एक्ट का मामला शामिल था।
काला हिरण शिकार मामले में बिश्नोई समुदाय की शिकायत के आधार पर Salman के अलावा अभिनेता सैफ अली खान, अभिनेत्री तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।
अप्रैल 2006 में चिंकारा शिकार मामलों में Salman को सजा सुनाई गई थी। इसके बाद जनवरी 2017 में उन्हें आर्म्स एक्ट मामले में बरी कर दिया गया। वहीं, 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर की अदालत ने काला हिरण शिकार मामले में Salman को 5 साल की जेल और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि, इसी मामले में अन्य सभी सह-आरोपी कलाकारों को बरी कर दिया गया था।
सजा के बाद Salman को जमानत मिल गई थी। फिलहाल यह मामला राजस्थान हाईकोर्ट में लंबित है। मामले की अगली सुनवाई 13 जुलाई 2026 को निर्धारित है और Salman फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।
और पढें: सुप्रीम कोर्ट ने राज्यसभा में मिली हार के खिलाफ कांग्रेस नेता Meenakshi Natarajan की याचिका खारिज की
Edited by: Bhoomi Goyal