जन्माष्टमी आज: जयपुर के बृजनिधि मंदिर में कृष्णमय हुआ माहौल, विशेष श्रृंगार और महाआरती | TNC
जन्माष्टमी पर जयपुर का ऐतिहासिक श्री बृजनिधि मंदिर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ठाकुरजी के दिव्य श्रृंगार, भजन-कीर्तन और विशेष पूजा ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह मंदिर महाराजा सवाई प्रताप सिंह की कृष्ण भक्ति से जुड़ा है।
फूलों और आकर्षक रोशनी से सजे मंदिर में बृजनिधि जी और राधारानी का विशेष पोशाक, आभूषणों एवं फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया है। मध्यरात्रि में ठाकुरजी का विशेष अभिषेक, महाआरती और भोग होगा। इसके बाद मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठेगा।
बताया जाता है कि 18वीं शताब्दी में जयपुर के महाराजा सवाई प्रताप सिंह ने इस मंदिर का निर्माण करवाया था। हवा महल का निर्माण करवाने वाले महाराजा सवाई प्रताप सिंह भगवान श्रीकृष्ण के अनन्य भक्त थे और ‘बृजनिधि’ उपनाम से कृष्ण भक्ति की रचनाएं भी लिखते थे।
