Nagaur Blast News: राजस्थान के नागौर शहर के बड़ली इलाके में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और करीब 100 फीट के दायरे में खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
सुबह 9:40 बजे हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार, नागौर के बड़ली क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे बारूद के गोदाम में अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और दमकल की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान दो गंभीर रूप से घायल युवक मिले, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
धमाके से बस के शीशे टूटे, घरों की दीवारों में आई दरारें
विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल से करीब 100 फीट दूर खड़ी एक बस के सभी शीशे टूट गए। आसपास के मकानों की दीवारों में भी दरारें आ गईं।
धमाके से आसपास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा। तेज आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर बचाव अभियान जारी रखा।
Nagaur Blast News: गोदाम में और मजदूर होने की आशंका
हादसे के वक्त गोदाम के अंदर कितने लोग मौजूद थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। अब तक दो युवकों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो अन्य गंभीर घायल मिले हैं।
मृतकों की पहचान और विस्फोट के वास्तविक कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। गोदाम में काम करने वाले अन्य मजदूरों की मौजूदगी को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोटेशियम नाइट्रेट से तैयार किया जाता था बारूद
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था। इसके अलावा गोदाम के एक हिस्से में तैयार पटाखों का स्टॉक भी रखा हुआ था।
प्रारंभिक जानकारी में गोदाम मालिक का नाम अमीन सामने आया है। बताया जा रहा है कि उसके पास पटाखों का स्थायी लाइसेंस है। हालांकि, लाइसेंस के तहत कितनी मात्रा में पटाखे रखने की अनुमति थी और घटनास्थल पर कितनी विस्फोटक सामग्री मौजूद थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Nagaur Blast News: विस्फोट के कारणों की जांच में जुटा प्रशासन
नागौर में हुए इस भीषण विस्फोट के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं। गोदाम में रखी सामग्री, लाइसेंस और सुरक्षा इंतजामों की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस घटना में दो युवकों की मौत और दो लोगों के गंभीर घायल होने से इलाके में दहशत का माहौल है।
दूसरी खबरों के लिए The News Canvas पढ़ें।

