गुड मॉर्निंग, सुप्रभात। सोमवार की उस कड़क शुरुआत और भागदौड़ के बाद, मंगलवार की ये सुबह आपके जीवन में एक सुंदर संतुलन लेकर आई है। द न्यूज कैनवास पर आप देख रहे हैं — ‘अहसास’… दिल से और मैं हूं रोशनी आपके साथ।
कल हफ्ते का पहला दिन था, तो सबने अपने-अपनें काम की स्पीड पकड़ ली होगी। लेकिन आज मंगलवार को, जब सुबह आंख खुली ना, तो मन में वो सोमवार वाली बेचैनी नहीं थी, बल्कि एक ठहराव था। ऐसा अहसास कि ‘हां, अब मैं इस हफ्ते की लय में आ चुकी हूं।’ जैसे बहती हुई नदी शुरुआत में बहुत शोर करती है, लेकिन धीरे-धीरे शांत होकर एक गहरी रफ्तार पकड़ लेती है, मंगलवार भी ठीक वैसा ही है।
मौसम अपनी पूरी रंगत पर है….. सुबह की हवा में थोड़ी सी गर्माहट है….लेकिन अगर मन के भीतर संतोष हो, तो बाहर का मौसम भी प्यारा लगने लगता है। वैसे, आपके वहां कैसा मौसम है….कमेंट बॉक्स में बताइए। And, How is your Tuesday Morning going on ? क्या घर पर ही, फाइलों के बीच काम शुरू हो चुका है, या चाय की चुस्कियों के साथ आज के कामों की लिस्ट बन रही है ?
आज इस सफर में, हम इतिहास के झरोखे से राजस्थान की एक ऐसी जादुई जगह की सैर करेंगे, जहां के पत्थरों को देखकर यकीन हो जाता है कि इंसानी हाथ क्या अजूबा रच सकते हैं ? आज हम बात करेंगे उस ‘सिद्धि’ की, जो किसी भी काम को बोझ से बदलकर, एक कला बना देती है। और नीति-कवि वृन्द, आज हमें अभ्यास और मेहनत का वो कड़क मंत्र देंगे, जिसे सुनकर आपके भीतर अपने हुनर को निखारने का एक नया संकल्प जाग उठेगा।
तो चलिए, वही अपना वाला प्रोसेस करते हैं। कौन सा ???? एक गहरी सांस लीजिए, अपने चेहरे पर एक प्यारी सी मुस्कान सजाइए और खुद से कहिए — “काम तो रोज करना है, आज इसे पूरी शिद्दत और कला के साथ करेंगे।”
आज मंगलवार, 26 मई 2026 है। आज का दिन सनातन परंपरा में बेहद पवित्र माना गया है, क्योंकि आज ज्येष्ठ महीने के शुक्ल पक्ष की ‘पद्मिनी एकादशी’ है। आज पूरे दिन भगवान विष्णु की आराधना का विशेष महत्व रहेगा।
वहीं अगर नक्षत्रों की बात करें, तो आज सुबह से ही ‘हस्त’ नक्षत्र का प्रभाव बना हुआ है, जो पूरे दिन और रात रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में हस्त नक्षत्र को बेहद शुभ, सौम्य और किसी भी नए काम में सफलता दिलाने वाला माना जाता है। ‘हस्त’ नक्षत्र का प्रतीक ‘हाथ’ होता है और इसके स्वामी चंद्र देव हैं। यह नक्षत्र हमें याद दिलाता है कि हमारी किस्मत की लकीरें, भले ही ईश्वर ने खींची हों, लेकिन अपनी मेहनत से उनमें रंग भरना, हमारे अपने ही हाथों में है। हैं ना ? यह नक्षत्र कला, हुनर और किसी भी काम में कुशलता हासिल करने का प्रतीक है।
आज राहु काल दोपहर 3:45 से शाम 5:28 तक रहेगा और इसमें कुछ थोड़ा-बहुत अंतर रह सकता है। इस समय को ध्यान में रखते हुए, अपने हाथों के हुनर पर भरोसा रखकर, आज के दिन को सफल बनाइए।
दोस्तों, आज हस्त नक्षत्र है, जो हाथों की कारीगरी का उत्सव मनाता है। और जब बात हाथों के जादू की हो, तो राजस्थान के रेगिस्तान के बीच बसे जैसलमेर की ‘पटवों की हवेली’ से सुंदर उदाहरण, भला और क्या हो सकता है ?
सोचिए, 19वीं शताब्दी में पटवा ब्रदर्स द्वारा बनवाई गई पांच हवेलियों का यह समूह, कोई साधारण इमारत भर नहीं है। पीले बलुआ पत्थरों से बनी इस हवेली को जब आप दूर से देखते हैं, तो ऐसा लगता है मानो किसी ने पत्थर नहीं, बल्कि सोने का कोई बहुत बड़ा नक्काशीदार आभूषण लाकर रख दिया हो। जी हां, ऐसा ही है। यहां की खिड़कियों, छज्जों और झरोखों पर जो बारीक काम किया गया है, उसे देखकर आंखें फटी की फटी रह जाती हैं। मशीनों के बिना, सिर्फ छेनी और हथौड़े की मदद से, उस दौर के कारीगरों ने अपने ‘हाथों के हुनर’ से पत्थरों को रेशम की तरह तराश दिया था।
पटवों की हवेली की ये नक्काशी आज मंगलवार को हमें सिखाती है कि जब इंसान अपने काम में सिर्फ दिमाग नहीं, बल्कि अपने दिल और हाथों को पूरी तरह झोंक देता है, तो वो काम सिर्फ ‘काम’ नहीं रहता, वो एक अमर ‘शिल्प’ बन जाता है। सदियों पहले उन कारीगरों के हाथों ने जो जादू बिखेरा था, वो आज भी जिंदा है। आपका काम चाहे जो भी हो — चाहे कंप्यूटर पर कोडिंग करना हो, फाइलें बनानी हो या रसोई में खाना पकाना — अगर उसमें आपके हाथों की शिद्दत जुड़ जाए, तो वो भी एक कला बन जाती है। अगर आपने कभी जैसलमेर की इस हवेली की दीवारों को छुआ है, तो वो ‘अहसास’ हमारे साथ शेयर कीजिएगा। और हां, ये भी बताइएगा कि अपने दोस्तों के साथ इन हवेलियों को देखा या फैमिली के साथ कोई ट्रिप प्लान की थी।
इस कलात्मक अहसास के साथ, आज जरा अपने दोनों हाथों को देखिए। ये हाथ सिर्फ चीज़ों को उठाने या की-बोर्ड पर उंगलियां चलाने के लिए नहीं हैं। ये हाथ जरिया हैं, हमारे भीतर के सपनों को हकीकत में बदलने का। These hands are the means, to turn the dreams within us into reality. एक कुम्हार के सामने भी वही मिट्टी होती है जो रास्ते में बिखरी रहती है, लेकिन जब उसके हाथों का हुनर उस मिट्टी को छूता है, तो वो एक सुंदर घड़ा बन जाता है
आज की डिजिटल दुनिया में, हम सब स्क्रीन्स पर इतने खो गए हैं कि अपने हाथों की असली ताकत, कुछ नया रचने का वो आनंद लगभग भूल ही चुके हैं। और मुझे पक्के से लगता है कि आपके अंदर भी ये भावना आती होगी। आज मंगलवार को अपने हाथों की इस ताकत को पहचानिए। याद रखिए, दुनिया में सबसे महंगी चीज़ वो नहीं है जो मशीनों से बनती है, सबसे अनमोल वो है, जिसमें किसी इंसान के हाथों का पसीना और उसका वक्त लगा हो।
हाथों और लकीरों के इसी भ्रम को तोड़ने के लिए गुरुकुल की एक छोटी सी कहानी याद आती है। एक शिष्य बहुत मेहनत करता था, लेकिन परीक्षा में हमेशा पीछे रह जाता था। निराश होकर उसने अपने गुरु जी से कहा — “गुरुदेव, शायद मेरी किस्मत में विद्या नहीं है।
गुरु जी ने उसका हाथ देखा और कहा — “पुत्र, तुम्हारे हाथ में तो विद्या की लकीर ही नहीं है।” शिष्य उदास हो गया।
गुरु जी ने कुटिया के कोने से एक नुकीला पत्थर उठाया और शिष्य को देते हुए कहा — “यह लो, और जहां विद्या की लकीर होनी चाहिए, वहां इस पत्थर से एक गहरी लकीर खींच लो।”
शिष्य ने बिना डरे, दर्द की परवाह किए बिना अपने हाथ पर एक गहरी लकीर खींच दी, जिससे खून की बूंदें छलक आईं। उसने गुरु जी से कहा — “लीजिए गुरुदेव, मैंने लकीर बना ली।”
गुरु जी मुस्कुराए, उनकी आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने शिष्य को गले से लगाया और कहा — “पुत्र, जब तुम अपने हाथों से अपनी लकीरें खुद बदलने का हौसला रखते हो, तो ब्रह्मा भी तुम्हारी किस्मत बदलने से नहीं रोक सकते।”
आज का सबक : किस्मत की लकीरें हाथ बंद होने पर छिप जाती हैं, लेकिन जब ये हाथ कर्म के लिए खुलते हैं, तो इतिहास बदल जाता है। Don’t rely on the lines of fate — Do your work…..
हाथों के हुनर को तराशने और निरंतर मेहनत करने के महत्व पर, नीति-कवि वृन्द की ये पंक्तियां सीधे दिल में उतर जाती हैं:
“करत-करत अभ्यास के, जड़मति होत सुजान |
रसरी आवत-जात ते, सिल पर परत निसान ||”
कवि वृन्द कहते हैं कि जिस तरह एक साधारण सी रस्सी, जब कुएं के पत्थर, यानि ‘सिल’ पर बार-बार आती-जाती है, तो वो कठोर पत्थर पर भी अपना अमिट निशान छोड़ देती है; ठीक उसी तरह जब हम अपने इन हाथों से, अपने काम का बार-बार अभ्यास करते हैं, तो एक साधारण इंसान भी अपने हुनर का उस्ताद बन जाता है। इसलिए इस मंगलवार, अपनी कला और अभ्यास पर भरोसा रखिए। Trust your art and your practice. मेहनत करते रहिए, आपके हाथ भी आपकी सफलता की कहानी जरूर लिखेंगे।
तो दोस्तों, जैसलमेर की पटवों की हवेली की वो जादुई नक्काशी, अपने हाथों के हुनर पर वो अटूट भरोसा, उस शिष्य की अपनी लकीरें खुद बदलने वाली जिद और कवि वृन्द की ये अनमोल सीख… इन सबको आज अपने साथ ले जाइए। किस्मत के भरोसे बैठना छोड़िए और अपने इन दोनों हाथों से, आज के दिन को खूबसूरत बना दीजिए।
हंसते रहिए, मुस्कुराते रहिए, अपने हुनर पर नाज़ कीजिए और इस मंगलवार को अपनी ज़िंदगी का सबसे सफल दिन बना दीजिए। कल सुबह फिर मुलाकात होगी, ‘द न्यूज कैनवास’ पर एक नए ‘अहसास’ के साथ।
आपका आज का दिन बेहद सिद्ध और मंगलमय हो!