मालपुरा में बीजेपी की बड़ी जीत, दूनी में एक वोट से बना बोर्ड
टोंक के मालपुरा नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी के जिनेंद्र जैन ने शानदार जीत दर्ज की. उन्हें 31 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को सिर्फ 9 वोट हासिल हुए. जिनेंद्र जैन ने 22 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर मालपुरा नगरपालिका की कमान अपने हाथों में ले ली. इस नतीजे के साथ मालपुरा में बीजेपी का बोर्ड बन गया. दूनी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी की अर्चना बलाई ने जीत हासिल की. बीजेपी को 10 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के खाते में 9 वोट आए. इस तरह बीजेपी ने सिर्फ एक वोट के अंतर से बाजी मार ली. खास बात यह रही कि बीजेपी के पार्षद ओम प्रकाश जाट मतदान के लिए नहीं पहुंचे. इसके बावजूद बीजेपी की अर्चना बलाई अध्यक्ष चुनी गईं और दूनी में बीजेपी का बोर्ड बन गया.
झालावाड़ में 4 नगर निकायों में कांग्रेस, 4 में बीजेपी का बोर्ड
झालावाड़ जिले की 8 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव पूरे हो गए हैं. चुनावी नतीजों में कांग्रेस और बीजेपी को 4-4 निकायों में सफलता मिली है. कांग्रेस ने झालावाड़, डग, खानपुर और भवानीमंडी में अपना बोर्ड बनाया है. वहीं, झालरापाटन, अकलेरा, मनोहरथाना और पिड़ावा नगरपालिका पर बीजेपी का कब्जा हुआ है. पिड़ावा नगरपालिका के चुनाव में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के समर्थन से बड़ा सियासी उलटफेर किया. यहां बदले समीकरणों के बीच बीजेपी अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही. इस नतीजे ने स्थानीय निकाय चुनाव में गठजोड़ और पार्षदों के समर्थन की भूमिका को अहम बना दिया. झालावाड़ जिले के निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस और बीजेपी को बराबर सफलता मिली है. अब दोनों दलों के सामने अपने-अपने बोर्ड के जरिए शहरों के विकास, बुनियादी सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी होगी.
कपासन नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर, बीजेपी ने बनाया बोर्ड
कपासन नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला. कांग्रेस के पास 13 पार्षद थे, जबकि बीजेपी के पास 10 पार्षद थे. इसके बावजूद बीजेपी अपना बोर्ड बनाने में कामयाब रही. आरोप है कि कांग्रेस के 4 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग कर बीजेपी के पक्ष में मतदान किया. इसके बाद कांग्रेस के बहुमत के बावजूद बीजेपी का बोर्ड बन गया. बीजेपी का बोर्ड बनने के बाद कांग्रेस के पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों का गुस्सा सामने आया. कांग्रेस नेताओं ने पार्टी के टिकट वितरण पर सवाल उठाए और जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया पर गंभीर आरोप लगाए. चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस के 9 पार्षदों सहित पार्टी के कई पदाधिकारियों ने इस्तीफा देने का फैसला किया है. इस घटनाक्रम से कपासन में कांग्रेस के भीतर विवाद और बढ़ गया है.
बूंदी में बीजेपी का दबदबा, 8 में से 5 निकायों में खिला कमल, 3 पर कांग्रेस का बोर्ड
बूंदी जिले की 8 नगर निकायों के चुनावी नतीजे सामने आ गए हैं. बीजेपी ने 5 निकायों में अपना बोर्ड बना लिया है, जबकि कांग्रेस को 3 निकायों में जीत मिली है. बीजेपी की जीत वाले क्षेत्रों में बूंदी नगर परिषद के साथ लाखेरी, इंद्रगढ़, केशवरायपाटन और देई नगरपालिका शामिल हैं. बूंदी नगर परिषद में बीजेपी के भरत शर्मा सभापति बने हैं. वहीं, कापरेन, नैनवा और हिंडोली में कांग्रेस ने अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है.
सिरोही में बीजेपी का दबदबा, 6 में से 5 निकायों पर कब्जा
सिरोही जिले के सभी 6 नगर निकायों के अध्यक्ष पद के नतीजे घोषित हो गए हैं. बीजेपी ने 5 निकायों में अपना बोर्ड बना लिया है, जबकि सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. सिरोही में ऋतु जैन सभापति बनीं, वहीं बाकी 5 निकायों में बीजेपी के अध्यक्ष चुने गए हैं.
सिरोही जिले में नगर निकाय चुनाव के बाद अध्यक्ष पद की तस्वीर साफ हो गई है. बीजेपी ने जिले के 6 में से 5 निकायों में जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को सिर्फ सिरोही नगर परिषद में सफलता मिली.
सिरोही नगर परिषद: कांग्रेस की ऋतु जैन सभापति बनीं.
शिवगंज: बीजेपी के कुंदनमल अग्रवाल अध्यक्ष चुने गए. उन्होंने 18-17 के अंतर से जीत दर्ज की.
पिंडवाड़ा: बीजेपी के राकेश रावल अध्यक्ष बने. उन्होंने 14-11 से मुकाबला जीता.
आबूरोड: बीजेपी की भावना अग्रवाल अध्यक्ष निर्वाचित हुईं.
माउंट आबू: बीजेपी के सुनील आचार्य अध्यक्ष बने. उन्होंने 19-6 के अंतर से जीत हासिल की.
मंडार: बीजेपी के प्रागाराम कोली अध्यक्ष चुने गए.
छह नगर निकायों के नतीजों में बीजेपी का दबदबा देखने को मिला. पार्टी ने 5 निकायों में अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि सिरोही नगर परिषद में कांग्रेस की ऋतु जैन सभापति बनीं.
प्रतापगढ़ में कांग्रेस, तीन निकायों में बीजेपी का बोर्ड
प्रतापगढ़ जिले की चारों नगर निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं. प्रतापगढ़ में कांग्रेस की ज्योति सोनी सभापति बनी हैं, जबकि छोटीसादड़ी, अरनोद और धरियावद में बीजेपी ने अपना बोर्ड बना लिया है. वहीं, धरियावद में बराबर वोट मिलने के बाद लॉटरी से बीजेपी की रेखा चौधरी की जीत हुई. प्रतापगढ़ जिले में नगर निकाय चुनाव के बाद स्थानीय राजनीति की तस्वीर साफ हो गई है. चारों निकायों में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हो गए हैं.
प्रतापगढ़: कांग्रेस की ज्योति सोनी 21 वोट लेकर सभापति बनीं.
छोटीसादड़ी: बीजेपी के प्रदीप व्यास 13 वोट लेकर अध्यक्ष चुने गए.
अरनोद: बीजेपी के राहुल मीणा 15 वोट लेकर नगर निकाय के पहले अध्यक्ष बने.
धरियावद: बराबर 10-10 वोट मिलने के बाद लॉटरी से बीजेपी की रेखा चौधरी अध्यक्ष बनीं.
धरियावद नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद रोमांचक रहा. बीजेपी और कांग्रेस प्रत्याशियों को 10-10 वोट मिले, जिसके बाद मुकाबला बराबरी पर अटक गया. आखिरकार लॉटरी के जरिए फैसला हुआ और बीजेपी की रेखा चौधरी के नाम की पर्ची निकलने पर उन्हें अध्यक्ष घोषित किया गया.
हनुमानगढ़ जिले के सभी नगर निकायों के नतीजे साफ, बीजेपी 4 तो कांग्रेस ने 3 पर मारी बाजी
हनुमानगढ़ जिले के सभी नगर निकायों के प्रमुखों के नतीजे घोषित हो गए हैं. जिले में बीजेपी ने 4 निकायों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 3 जगह सफलता मिली. वहीं, हनुमानगढ़ नगर परिषद में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू रिणवा सभापति बनी हैं.
सबसे ज्यादा चर्चा नोहर नगरपालिका के परिणाम की रही, जहां लॉटरी के जरिए बीजेपी की हाजन खातून टाक अध्यक्ष चुनी गईं. हनुमानगढ़ जिले में नगर निकाय चुनाव की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है. जिले के सभी निकायों के अध्यक्ष और सभापति के नाम सामने आ चुके हैं.
नगर परिषद हनुमानगढ़: मंजू रिणवा सभापति बनीं.
पीलीबंगा नगरपालिका: बीजेपी के अरविंद कुमार अध्यक्ष निर्वाचित.
रावतसर नगरपालिका: कांग्रेस की नीलम सहारण अध्यक्ष बनीं.
भादरा नगरपालिका: बीजेपी के मांगीलाल गोयल अध्यक्ष चुने गए.
संगरिया नगरपालिका: कांग्रेस की सुमन सोनी अध्यक्ष बनीं.
टिब्बी नगरपालिका: कांग्रेस के देवीलाल अध्यक्ष निर्वाचित.
गोलूवाला नगरपालिका: बीजेपी के ताराचंद अध्यक्ष बने.
नोहर नगरपालिका: बीजेपी की हाजन खातून टाक अध्यक्ष चुनी गईं.
नोहर नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव बेहद दिलचस्प रहा. बीजेपी की हाजन खातून टाक और कांग्रेस प्रत्याशी के बीच वोट बराबर होने के बाद लॉटरी के जरिए फैसला किया गया.
कोटा में बीजेपी की डबल जीत, रामगंज मंडी और सुल्तानपुर में खिला कमल
कोटा में रामगंज मंडी नगरपालिका चेयरमैन पद के चुनाव में बीजेपी के नरेंद्र काला ने जीत हासिल की है. उन्हें कुल 24 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 14 वोट आए. चुनाव के दौरान एक वोट खारिज कर दिया गया, जबकि एक पार्षद ने मतदान नहीं किया. परिणाम सामने आने के बाद बीजेपी खेमे में खुशी का माहौल है. वहीं सुल्तानपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी अनिता मेघवाल को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मुकेश उदयराज के खाते में 12 वोट आए. इस तरह बीजेपी ने एक वोट के मामूली अंतर से बाजी मार ली और अनिता मेघवाल नगरपालिका की नई चेयरमैन बन गईं. जीत के बाद बीजेपी समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है.
मनियां नगरपालिका अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा, बृजेश 12 वोटों से जीते
धौलपुर के मनियां नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बृजेश ने जीत दर्ज की है. बृजेश को कुल 16 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मोहनी को 4 वोट प्राप्त हुए. इस तरह बृजेश ने 12 वोटों के अंतर से जीत हासिल की. परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई, समर्थकों ने बृजेश का फूल-मालाओं से स्वागत किया और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया.
बाड़ी नगरपालिका में BJP का परचम, मुकेश सिंघल बने अध्यक्ष; 9 वोटों से जीते
धौलपुर के बाड़ी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के मुकेश सिंघल ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया. मुकेश सिंघल को 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रेनू सिंगल के खाते में 18 वोट आए. भाजपा प्रत्याशी ने 9 मतों के अंतर से जीत हासिल की, चुनाव में पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा की भूमिका अहम रही और उन्हें किंगमेकर के तौर पर देखा गया. जीत के बाद भाजपा समर्थकों में खासा उत्साह नजर आया और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाकर खुशी का इजहार किया.
सैंपऊ नगरपालिका में BJP का बोर्ड, कांग्रेस प्रत्याशी को 12 वोट से हराया
धौलपुर में सैंपऊ नगरपालिका में हुए पालिकाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए बोर्ड पर कब्जा जमा लिया. भाजपा प्रत्याशी पप्पू को 16 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी मुनेश कुशवाहा को 4 वोट प्राप्त हुए. इस तरह पप्पू ने 12 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर पालिकाध्यक्ष पद अपने नाम किया. चुनाव में पूर्व विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा की भूमिका अहम रही और उन्होंने पार्षदों को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पप्पू की जीत के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल है और पालिका परिसर में जमकर खुशी मनाई गई.
झुंझुनूं में निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस का दबदबा, 11 निकायों में दर्ज की जीत
झुंझुनूं जिले में निकाय चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने बढ़त बनाते हुए 11 निकायों में जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा 6 निकायों में जीत हासिल करने में सफल रही. वहीं, सूरजगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है. नतीजे सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता भी अपनी जीत वाले निकायों में जश्न मना रहे हैं.
सवाई माधोपुर में 6 में से 4 नगर निकायों पर BJP का कब्जा
सवाई माधोपुर जिले के 6 नगर निकायों में हुए चुनाव के बाद तस्वीर साफ हो गई है. भाजपा ने सवाई माधोपुर, बौंली, खंडार और वजीरपुर में अपना बोर्ड बनाकर चार नगर निकायों पर कब्जा जमाया है, जबकि कांग्रेस गंगापुर सिटी और बामनवास में अपना बोर्ड बनाने में सफल रही. चार नगर निकायों में जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और पार्टी की ओर से जीत का जश्न मनाया जा रहा है.
बीकानेर में कांग्रेस की बड़ी जीत, अनिल कल्ला बने नगर निगम के नए मेयर
बीकानेर नगर निगम के मेयर चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला ने मेयर पद पर कब्जा जमा लिया है. मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस को बहुमत मिला और अनिल कल्ला की जीत पर मुहर लग गई. कांग्रेस को कुल 50 वोट मिले, जबकि बीजेपी को 30 वोट हासिल हुए. इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 20 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया. बीकानेर नगर निगम में कांग्रेस के पास पहले से बहुमत था, लेकिन चुनाव से पहले मुकाबले को लेकर सियासी चर्चाएं तेज थीं. बीजेपी की ओर से भी अपने प्रत्याशी की जीत का दावा किया जा रहा था. चर्चा थी कि बीजेपी निर्दलीय पार्षदों के संपर्क में है और चुनाव में कोई चौंकाने वाला परिणाम सामने आ सकता है. लेकिन मतगणना के बाद तस्वीर साफ हो गई. अनिल कल्ला ने जीत हासिल कर बीकानेर की मेयर की कुर्सी अपने नाम कर ली है.
अजमेर में महापौर चुनाव की वोटिंग पूरी, अब नतीजों का इंतजार
अजमेर नगर निगम महापौर चुनाव को लेकर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. सभी पार्षदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर दिया है. अब जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से मतगणना शुरू की जाएगी और इसके बाद महापौर चुनाव का परिणाम सामने आएगा. नगर निगम में कांग्रेस के 37 पार्षद, बीजेपी के 11 पार्षद और निर्दलीय पार्षदों ने मतदान किया है. ऐसे में मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है. इस चुनाव में कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी किरण गढ़वाल और बीजेपी की प्रत्याशी अनामिका शर्मा मौजूद रहेंगी. कांग्रेस की नजर करीब 36 साल बाद मेयर की कुर्सी हासिल करने पर है, जबकि बीजेपी अपने गढ़ को बचाने की कोशिश में है.
अलवर नगर निगम में BJP की मेयर , सुमनलता अग्रवाल की जीत पर भावुक हुए वन मंत्री
अलवर नगर निगम में बीजेपी की सुमनलता अग्रवाल महापौर बन गई हैं. उनकी जीत की खबर मिलते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. नगर निगम पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया. सुमनलता अग्रवाल के महापौर बनने पर वन मंत्री संजय शर्मा और पूर्व सांसद रामचरण बोहरा नगर निगम पहुंचे और उन्हें बधाई दी. इस दौरान वन मंत्री संजय शर्मा भावुक नजर आए. मीडिया से बातचीत करते समय उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े. महापौर की जीत के बाद बीजेपी खेमे में उत्साह का माहौल बना हुआ है.
झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस का कब्जा, अब्दुला अगवान बने सभापति
झुंझुनूं नगर परिषद सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस के अब्दुला अगवान ने शानदार जीत दर्ज की है. मुकाबले में अब्दुला अगवान को कुल 35 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी मनु धनखड़ को 25 वोट हासिल हुए. इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 10 वोटों के अंतर से जीत हासिल कर सभापति की कुर्सी पर कब्जा कर लिया. जीत की खबर मिलते ही कांग्रेस समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने जश्न मनाया और अब्दुला अगवान को बधाई दी.
जैसलमेर नगरपरिषद में BJP का बोर्ड, विजय डांगरा का सभापति बनना तय
जैसलमेर नगरपरिषद सभापति पद के चुनाव में बीजेपी ने बाजी मार ली है. बीजेपी के विजय डांगरा सभापति चुने गए हैं. बीजेपी के पास 27 पार्षदों के साथ बहुमत था, जिससे पार्टी की स्थिति मजबूत मानी जा रही थी. वहीं, कांग्रेस के पास निर्दलीय पार्षदों को मिलाकर 18 पार्षदों का समर्थन बताया जा रहा था. चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से पक्षपात के आरोप भी लगाए गए. सभापति पद पर विजय डांगरा की आधिकारिक घोषणा होना बाकी है. निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम की औपचारिक पुष्टि की जाएगी.
थानागाजी में कांग्रेस की जीत, पपीता हरसाना ने 5 वोटों से अध्यक्ष पद पर किया कब्जा
अलवर के थानागाजी नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस प्रत्याशी पपीता हरसाना ने बीजेपी की अनीता खंडेलवाल को 5 वोटों से हरा दिया. पपीता हरसाना को 15 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी अनीता खंडेलवाल के खाते में 10 वोट आए. इस तरह थानागाजी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी पपीता हरसाना ने जीत हासिल की है.
सीकर की फतेहपुर नगरपालिका में BJP का बोर्ड, अंजू भिंडा बनीं अध्यक्ष
सीकर की फतेहपुर नगरपालिका में बीजेपी ने अपना बोर्ड बना लिया है. अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी की अंजू भिंडा ने जीत दर्ज की है. अंजू भिंडा को 30 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की निकिता रणवा को 25 वोट हासिल हुए. इस जीत के साथ ही फतेहपुर नगरपालिका में बीजेपी का बोर्ड बन गया है. बीजेपी की जीत के बाद पार्टी समर्थकों में खुशी का माहौल है. समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और अंजू भिंडा को बधाई दी.
उदयपुरवाटी में BJP की जीत, अनुराधा सैनी ने 1 वोट से अध्यक्ष पद पर जमाया कब्जा
झुंझुनूं की उदयपुरवाटी नगरपालिका में बीजेपी की अनुराधा सैनी अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं. बेहद करीबी मुकाबले में अनुराधा सैनी ने कांग्रेस के रुडमल सैनी को सिर्फ 1 वोट से हरा दिया. अनुराधा सैनी को कुल 18 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के रुडमल सैनी को 17 वोट हासिल हुए. इस जीत के साथ अनुराधा सैनी एक बार फिर नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी पर पहुंच गई हैं. वह इससे पहले भी नगरपालिका अध्यक्ष रह चुकी हैं.
करौली में कांग्रेस का परचम, सुनील सैनी बने नगर परिषद सभापति
करौली नगर परिषद सभापति पद के लिए हुए कड़े मुकाबले के नतीजे सामने आ चुके हैं. मतों की गिनती पूरी होते ही रिटर्निंग अधिकारी राकेश कुमार रावत ने परिणाम का ऐलान कर दिया. इस कांटे के मुकाबले में कांग्रेस के प्रत्याशी सुनील सैनी ने बाजी मारते हुए बीजेपी के उम्मीदवार वीरेंद्र शर्मा को मात दे दी. करौली के नए सभापति की कुर्सी पर उनका कब्जा जमा लिया. चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो नगर परिषद के कुल 55 वार्डों में कांग्रेस के 28, बीजेपी के 11, बसपा का 1 और 15 निर्दलीय पार्षद जीतकर आए थे. सभापति पद की वोटिंग में कांग्रेस के सुनील सैनी को कुल 30 वोट मिले, जबकि बीजेपी प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा को 25 वोटों से ही संतोष करना पड़ा.
उदयपुर को मिला नया मेयर, पारस सिंघवी जीते
उदयपुर को नया मेयर मिल गया है. पारस सिंघवी ने महापौर पद पर जीत हासिल की है.. जीत के बाद का नजारा भावुक कर देने वाला रहा. खुशी के आंसू आंखों से छलक पड़े और बीजेपी जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के गले लगकर पारस सिंघवी फूट-फूटकर रो पड़े. उदयपुर में महापौर चुनाव का परिणाम सामने आने के बाद बीजेपी खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई. पारस सिंघवी उदयपुर के नए महापौर चुने गए हैं. जीत के बाद पारस सिंघवी और जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ के बीच भावुक पल देखने को मिला. दोनों एक-दूसरे के गले लगकर रो पड़े. इस दौरान पारस सिंघवी ने कहा कि अब जनता के विश्वास का कर्ज उतारने का समय है. उन्होंने जनता के भरोसे पर खरा उतरने और शहर के लिए काम करने की बात कही.
खाजूवाला नगरपालिका को मिला नया चेयरमैन, BJP के मंगल सिंह रामगढ़िया जीते
खाजूवाला नगरपालिका को नया चेयरमैन मिल गया है. चेयरमैन पद के चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी मंगल सिंह रामगढ़िया ने कांग्रेस की रेणु राकेश सहारण को 4 वोटों से हरा दिया. मंगल सिंह को कुल 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 8 वोट पड़े. बीजेपी के विजयी पार्षदों ने मंगल सिंह के पक्ष में मतदान कर चेयरमैन की कुर्सी पर उनकी जीत पक्की कर दी. खाजूवाला नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए हुए चुनाव में बीजेपी के मंगल सिंह रामगढ़िया ने बाजी मार ली. वार्ड नंबर 10 से पार्षद चुने गए मंगल सिंह को 12 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रेणु राकेश सहारण को 8 वोट हासिल हुए.
शिवगंज नगर पालिका में बीजेपी का बोर्ड बना, कुंदनमल अग्रवाल के हाथों में कमान
सिरोही के शिवगंज से बड़ी सियासी खबर सामने आई है. शिवगंज नगर पालिका में बीजेपी का बोर्ड बन गया है. अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी के कुंदनमल अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी को महज एक वोट के अंतर से हराकर जीत दर्ज की. कुंदनमल अग्रवाल को 18 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के खाते में 17 वोट आए. इस नतीजे के साथ ही शिवगंज नगर पालिका की कमान अब बीजेपी के हाथों में आ गई है. शिवगंज नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में बीजेपी ने बाजी मार ली है. बीजेपी के कुंदनमल अग्रवाल को 18 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 17 वोट मिले.
मंडावर नगर पालिका में बीजेपी को बड़ा झटका, कांग्रेस की अनीता बनीं नगर पालिका अध्यक्ष
राजस्थान के मंडावर नगर पालिका में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. पार्षदों की संख्या में बढ़त होने के बावजूद बीजेपी बोर्ड नहीं बना सकी. अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की अनीता मीणा ने बीजेपी को 5 वोटों से हराकर जीत दर्ज की. मंडावर में कांग्रेस को 15 वोट मिले, जबकि बीजेपी के खाते में 10 वोट आए. इस जीत के साथ कांग्रेस ने नगर पालिका में अपना बोर्ड बना लिया. मंडावर नगर पालिका में अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस की अनीता मीणा ने शानदार जीत हासिल की. उन्हें कुल 15 वोट मिले, जबकि बीजेपी को 10 वोट मिले. कांग्रेस उम्मीदवार अनीता मीणा ने 5 वोटों के अंतर से चुनाव जीत लिया. इस नतीजे के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल है, जबकि बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. मंडावर में हुए पार्षद चुनाव में बीजेपी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस के खाते में 8 सीटें आई थीं. इसके अलावा 7 निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीतकर आए थे.
Rajasthan Nagar Nikya Chunav Live: गंगापुर सिटी नगर परिषद में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन, कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल जीते
सवाई मधोपुर के गंगापुर सिटी नगर परिषद में 15 साल बाद सत्ता परिवर्तन हुआ है. कांग्रेस ने अपना बोर्ड बना लिया है. कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल कुबेर ने बीजेपी के प्रत्याशी विजय गुप्ता को हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की है. निर्दलीय पार्षदों के समर्थन से कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया. इस जीत को गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा की रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है. गंगापुर सिटी नगर परिषद में 15 साल बाद सत्ता का समीकरण बदल गया है. सभापति चुनाव में कांग्रेस के कृष्ण कुमार गोयल कुबेर ने बीजेपी के विजय गुप्ता को शिकस्त दी और नए सभापति चुने गए. नगर परिषद के कुल 60 वार्डों में कांग्रेस ने 27 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि बीजेपी के खाते में 17 सीटें आई थीं. इसके अलावा 16 निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीतकर आए थे. सभापति चुनाव के दौरान कांग्रेस के पक्ष में कुल 37 वोट डाले गए.
जयपुर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: फुलेरा में राजू दाधीच बने पालिका अध्यक्ष
जयपुर ग्रामीण के फुलेरा नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित हो गया है. भाजपा के राजू दाधीच नगरपालिका अध्यक्ष चुने गए हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी राजू दाधीच को 17 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 7 वोट पड़े. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने राजू दाधीच को विजयी घोषित किया. परिणाम सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. समर्थकों ने जीत की खुशी जताई. फुलेरा नगरपालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न होने के साथ ही बोर्ड गठन की तस्वीर भी साफ हो गई है. स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अध्यक्ष पद पर भाजपा का कब्जा हुआ है.
झालावाड़ राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: अकलेरा नगर पालिका अध्यक्ष बनीं यांशिका मेवाड़ा
झालावाड़ के स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के तहत अकलेरा नगर पालिका अध्यक्ष पद का परिणाम घोषित हो गया है. भाजपा की यांशिका मेवाड़ा अकलेरा नगर पालिका की अध्यक्ष चुनी गई हैं. अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी यांशिका मेवाड़ा को कुल 25 वोट मिले. वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 8 वोट पड़े, जबकि 2 वोट निर्दलीय प्रत्याशी के खाते में गए. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा की यांशिका मेवाड़ा को अकलेरा नगर पालिका अध्यक्ष घोषित किया. परिणाम सामने आने के बाद भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जीत पर खुशी जताई. स्थानीय निकाय चुनाव के बाद अकलेरा में अब नगर पालिका बोर्ड की तस्वीर भी साफ हो गई है.
अलवर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: भाजपा नेता के अंदर पहुंचने पर हंगामा
अलवर नगर निगम में महापौर चुनाव के दौरान भाजपा के नगर निकाय चुनाव संयोजक केजी खंडेलवाल की मौजूदगी को लेकर हंगामा हो गया. मतदान के दौरान केजी खंडेलवाल नगर निगम परिसर के अंदर पहुंच गए थे. इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कांग्रेस महापौर प्रत्याशी कमलेश शर्मा के पति योगेश मिश्रा ने आपत्ति जताई. योगेश मिश्रा ने सवाल उठाया कि जब अन्य सभी लोग बाहर हैं तो भाजपा के नगर निकाय चुनाव संयोजक अंदर बैठकर क्या कर रहे हैं. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस नगर निगम के गेट पर पहुंची. इस दौरान मौके पर जमकर हंगामा हुआ. पुलिस ने समझाइश कर केजी खंडेलवाल को नगर निगम परिसर से बाहर भेजा, जिसके बाद मामला शांत हुआ.
बूंदी राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: हिंडोली में हनुमान व्यास बने अध्यक्ष, कांग्रेस की जीत
बूंदी के हिंडोली नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी हनुमान व्यास ने जीत दर्ज की है. मतदान में हनुमान व्यास के पक्ष में 12 वोट पड़े, जिसके बाद उन्हें नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया. भाजपा प्रत्याशी लोकेश सैनी को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. परिणाम घोषित होने के बाद हनुमान व्यास नगरपालिका से बाहर निकले, जहां उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ था. समर्थकों ने हनुमान व्यास का जोरदार स्वागत किया और जीत की खुशी जताई. नगरपालिका परिसर के बाहर समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला. चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर है. हनुमान व्यास के समर्थकों ने नारेबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया.
चित्तौड़गढ़ राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: रावतभाटा में अनुसुईया नागर 4 वोट से जीतीं, BJP का बोर्ड
चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए बोर्ड बना लिया है. अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की अनुसुईया नागर और कांग्रेस के अब्दुल राशिद सागर के बीच मुकाबला हुआ. मतदान में अनुसुईया नागर को 22 वोट मिले, जबकि अब्दुल राशिद सागर के पक्ष में 18 वोट पड़े. इस तरह भाजपा प्रत्याशी ने 4 वोट के अंतर से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की. रावतभाटा नगरपालिका में कुल 40 वार्ड हैं. हालिया निकाय चुनाव में भाजपा के 17, कांग्रेस के 16 और 7 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. अध्यक्ष पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही. परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा समर्थकों में खुशी का माहौल है. अनुसुईया नागर की जीत के साथ रावतभाटा नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बन गया.
झुंझुनूं राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: विद्याविहार में सिकंदर 13 वोट से बने चेयरमैन
झुंझुनूं के विद्याविहार नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए बोर्ड बना लिया है. भाजपा के सिकंदर चेयरमैन निर्वाचित हुए हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में सिकंदर को कुल 25 में से 13 वोट मिले. बहुमत का आंकड़ा हासिल करते हुए उन्होंने चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की. परिणाम घोषित होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल बन गया. समर्थकों ने सिकंदर को जीत की बधाई दी और जीत का जश्न मनाया. नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही राजनीतिक हलचल बनी हुई थी. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिकंदर को विजेता घोषित किया गया. भाजपा की जीत के साथ विद्याविहार नगरपालिका में बोर्ड का गठन हुआ है.
राजसमंद राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: नाथद्वारा में परेश सोनी जीते, भाजपा ने कांग्रेस को 4 वोट से हराया
राजसमंद के नाथद्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के परेश सोनी निर्वाचित हुए हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा को 23 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पक्ष में 18 वोट पड़े. बहुमत के लिए 21 मत जरूरी थे. नाथद्वारा नगरपालिका में भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 और एक निर्दलीय पार्षद ने मतदान किया. भाजपा के पक्ष में एक निर्दलीय और दो कांग्रेस पार्षदों के वोट निर्णायक रहे. मतदान के दौरान कांग्रेस के दो पार्षदों की ओर से भाजपा के पक्ष में वोट किए जाने की बात सामने आई. इस तरह भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा किया. परेश सोनी के अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है. नतीजे को कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है.
चित्तौड़गढ़ राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: बड़ीसादड़ी में ममता बाबेल 1 वोट से जीतीं, कांग्रेस का बोर्ड
चित्तौड़गढ़ के बड़ीसादड़ी नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. सहकारिता मंत्री गौतम दक के क्षेत्र में कांग्रेस की ममता बाबेल अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में ममता बाबेल को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के विनोद कंठालिया के पक्ष में 12 वोट पड़े. इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने महज 1 वोट के अंतर से चुनाव जीत लिया. परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला. समर्थकों ने ममता बाबेल को जीत की बधाई दी. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ममता बाबेल को नगरपालिका अध्यक्ष घोषित किया गया. उनकी जीत के साथ बड़ीसादड़ी नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया है.
झालावाड़ राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: भवानीमंडी में पिंकी गुर्जर 12 वोट से बनीं अध्यक्ष
झालावाड़ के भवानीमंडी नगरपालिका अध्यक्ष पद का चुनाव परिणाम घोषित हो गया है. कांग्रेस की पिंकी गुर्जर नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं. मतदान में कांग्रेस के पक्ष में 26 वोट पड़े, जबकि भाजपा को 14 वोट मिले. इस तरह पिंकी गुर्जर ने 12 वोट के अंतर से जीत दर्ज की. चुनाव में एक निर्दलीय पार्षद ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया. परिणाम घोषित होने के बाद भवानीमंडी नगरपालिका में कांग्रेस का बोर्ड बन गया. कांग्रेस की जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है. कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पिंकी गुर्जर को जीत की बधाई दी. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन परिणाम घोषित किया गया.
जयपुर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: कानोता में कांग्रेस के रामकिशन बैरवा 6 वोट से जीते
जयपुर ग्रामीण के कानोता नगरपालिका चेयरमैन पद के चुनाव में कांग्रेस के रामकिशन बैरवा ने जीत दर्ज की है. मतदान में रामकिशन बैरवा को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा के महेंद्र कुमार धोबी को 7 वोट हासिल हुए. इस तरह कांग्रेस प्रत्याशी ने 6 वोट के अंतर से चुनाव जीत लिया. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन अधिकारी शिप्रा जैन ने परिणाम की जानकारी दी. रामकिशन बैरवा के चेयरमैन निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी का माहौल है. चुनाव को लेकर नगरपालिका परिसर में सुबह से ही राजनीतिक हलचल बनी हुई थी. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया गया.
सीकर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: धोद में भाजपा के नवीन पंवार 2 वोट से बने अध्यक्ष
सीकर के धोद नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज करते हुए बोर्ड बना लिया है. भाजपा के नवीन पंवार नगरपालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में भाजपा को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पक्ष में 9 वोट पड़े. इस तरह नवीन पंवार ने 2 वोट के अंतर से जीत दर्ज की. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवीन पंवार को विजेता घोषित किया गया. परिणाम सामने आते ही भाजपा समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया. कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने नवीन पंवार को जीत की बधाई दी. चुनाव के दौरान नगरपालिका परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी. नवीन पंवार की जीत के साथ धोद नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बन गया है.
जयपुर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: कालाडेरा में उर्मिला कुमावत 6 वोट से बनीं पहली निर्वाचित अध्यक्ष
जयपुर ग्रामीण के चौमूं क्षेत्र की कालाडेरा नगरपालिका को पहली निर्वाचित अध्यक्ष मिल गई हैं. अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी उर्मिला कुमावत ने जीत दर्ज की. मतदान में उर्मिला कुमावत को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में 7 वोट पड़े. इस तरह उर्मिला कुमावत ने 6 वोट के अंतर से अध्यक्ष पद का चुनाव जीता. भाजपा प्रत्याशी को एक निर्दलीय पार्षद का भी समर्थन मिला. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी जताई. कालाडेरा नगरपालिका बनने के बाद यह पहला निर्वाचित अध्यक्ष का चुनाव था. परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों ने उर्मिला कुमावत को बधाई दी और नगरपालिका परिसर में उत्साह का माहौल रहा.
Sriganganagar Rajasthan Mayor Chunav Result LIVE: श्रीकरणपुर में विनय तनेजा 7 वोट से बने पालिकाध्यक्ष
श्रीगंगानगर के श्रीकरणपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के विनय तनेजा ने जीत दर्ज की है. विनय तनेजा ने कांग्रेस के विनोद यादव को 7 वोट के अंतर से हराकर पालिकाध्यक्ष का पद हासिल किया. मतदान के बाद मतगणना पूरी होने पर विनय तनेजा को विजेता घोषित किया गया. परिणाम सामने आते ही भाजपा समर्थकों में खुशी का माहौल बन गया. समर्थकों ने विनय तनेजा को जीत की बधाई दी और जश्न मनाया. अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सुबह से ही नगरपालिका परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं. मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी. विनय तनेजा की जीत के साथ श्रीकरणपुर नगरपालिका में भाजपा के बोर्ड का गठन हुआ है.
जयपुर राजस्थान मेयर चुनाव रिजल्ट लाइव: मनोहरपुर में अर्जुन मोहनपुरिया 7 वोट से बने अध्यक्ष
जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस के अर्जुन मोहनपुरिया ने जीत दर्ज की है. उन्होंने भाजपा के सुनील असवाल को 7 वोट के अंतर से हराकर नगरपालिका अध्यक्ष का पद हासिल किया. मतदान में अर्जुन मोहनपुरिया को 21 वोट मिले, जबकि सुनील असवाल के पक्ष में 14 वोट पड़े. अर्जुन मोहनपुरिया वार्ड 15 से निर्विरोध पार्षद निर्वाचित हुए थे. इससे पहले वे सरपंच भी रह चुके हैं. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. समर्थकों ने पटाखे चलाकर जीत का जश्न मनाया और अर्जुन मोहनपुरिया को बधाई दी. अध्यक्ष पद के चुनाव के दौरान नगरपालिका परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी की गई थी. परिणाम के साथ मनोहरपुर नगरपालिका में कांग्रेस के बोर्ड का रास्ता साफ हो गया.
Rajasthan Nagar Nikay Chunav Result LIVE: खेजरोली में कांग्रेस की सुनीता सैनी बनीं चेयरमैन
जयपुर ग्रामीण के खेजरोली नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है. कांग्रेस पार्षद सुनीता सैनी नगरपालिका चेयरमैन निर्वाचित हुई हैं. अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस को 18 वोट मिले, जबकि भाजपा के पक्ष में 7 वोट पड़े. इस तरह सुनीता सैनी ने 11 वोट के अंतर से जीत दर्ज की. मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुनीता सैनी को चेयरमैन घोषित किया गया. परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस खेमे में खुशी का माहौल है. समर्थकों ने सुनीता सैनी को जीत की बधाई दी. खेजरोली नगरपालिका में कांग्रेस की जीत के साथ बोर्ड गठन की तस्वीर भी साफ हो गई है.

